Trending

धर्मशाला टेस्ट में दिख सकती है फिरकी गेंदबाजों की धाक

भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी टेस्ट 7 मार्च से होगा। उम्मीद थी कि यहां की ठंडक और तेज हवाओं का फायदा पिच से तेज गेंदबाज उठाएंगे।

जो रिपोर्ट सामने आ रही है, उसके अनुसार स्पिनरों का बोलबाला देखने को मिल सकता है। दरअसल, धर्मशाला में मौसम बहुत ज्यादा खराब है और अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहने वाला है।

साभार : गूगल

यहां बारिश ने मैच में खलल डालने का पूरा मन बनाया हुआ है। इसी से बचने और मैच को जल्दी खत्म करने के लिए पिच को रैंक टर्नर बनाया जा सकता है। एक रिपोर्ट की मानें तो बेमौसम बरसात की वजह से क्यूरेटर को पिच पर काम करने का ज्यादा मौका नहीं मिला है।

अगले कुछ दिन में क्यूरेटर भारतीय टीम मैनेजमेंट के साथ बात करके ये फैसला करेगा कि किस तरह की पिच तैयार करनी है। ऐसा लग रहा है कि इंग्लैंड को एक बार फिर इस सीरीज में स्लो टर्नर का सामना करना पड़ेगा।

इसी तरह के ट्रैक से भारतीय टीम ने सीरीज में वापसी की और सीरीज पर कब्जा किया, टीम पहला मैच हार गई थी और अगले तीन मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने में सफल रही।

भारतीय प्रबंधन ने महसूस किया है कि किस प्रकार की पिच उसकी ताकत के अनुरूप है और वह आजमाए हुए और परखे हुए फॉर्मूले पर टिके रहने के लिए उत्सुक है।

यही वजह है कि धौलाधार की पहाड़ियों के बीच बने इस स्टेडियम में स्पिनरों के भी खेल में आने की उम्मीद है। बेमौसम बारिश के कारण स्टेडियम का आउटफील्ड थोड़ा गीला है।

बता दें कि पिछले साल मार्च में इस स्टेडियम ने आखिरी समय पर इंडिया बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच आउटफील्ड की वजह से होस्ट नहीं किया था। इंदौर में वह मैच आयोजित कराया गया था। इसके बाद से यहां कई इंटरनेशनल मैच आयोजित हो चुके हैं।