Trending

रणजी सेमीफाइनल : मध्यप्रदेश के खिलाफ विदर्भ को जीत के लिए चाहिए चार विकेट

विदर्भ ने मध्य प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्राफी सेमीफाइनल के चौथे दिन यश दुबे (94) का विकेट चटकाकर मैच पर दबदबा बना लिया। मैच के आखिरी दिन विदर्भ को जीत के लिए चार विकेट चाहिए, मध्यप्रदेश के बल्लेबाजों के सामने 93 रन बनाने की चुनौती है। इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में मुंबई का सामना करेगी।

विदर्भ से आखिरी से एक ओवर पहले आदित्य सरवते (51 रन पर दो विकेट) ने दुबे को अमन मोखाडे के हाथों कैच कराया। जीत के लिए 321 रन का पीछा करते हुए मध्यप्रदेश ने स्टंप्स तक छह विकेट पर 228 रन बनाए।

साभार : गूगल

क्रीज पर सारांश जैन (नाबाद 16) के साथ कुमार कार्तिकेय हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए दुबे ने दूसरे छोर से विकेटों के गिराने के बीच पारी खेलकर टीम के संघर्ष को जारी रखा। इस बल्लेबाज ने 212 गेंद की पारी में 10 चौके लगाये और हर्ष गवली (80 गेंद में 67 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी की।

इस साझेदारी के टूटने के बाद विदर्भ के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर मैच पर दबदबा बनाया। पहली पारी में शतक जड़ने वाले हिमांशु मंत्री दूसरी पारी में आठ रन बना सके। रजत पाटीदार की गैरमौजूदगी में टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सके।

सागर सोलंकी (12), शुभम शर्मा (छह) और वेंकटेश अय्यर (19) की तिकड़ी के सस्ते में आउट होने से टीम की राह कठिन हुई। विदर्भ के लिए तीन विकेट झटकने वाले अक्षय वाखरे सफल गेंदबाज रहे। विदर्भ ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 343 रन से की। टीम ने 59 रन जोड़कर बाकी के चारों विकेट गंवा दिये।

बीते दिन 97 रन पर नाबाद रहे यश राठौड़ ने शतक पूरा किया वह 200 गेंद पर 141 रन बना आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। मध्यप्रदेश के लिए अनुभव अग्रवाल ने 92 रन पर पांच विकेट झटके। विदर्भ की पहली पारी 170 रन पर सिमटी थी, जवाब में मध्यप्रदेश ने 252 रन बनाये थे।