खेल मंत्रालय ने पीसीआई से हटाया निलंबन
खेल मंत्रालय ने लंबे समय से लंबित चुनावों के लिए प्रक्रिया शुरू करने के बाद भारतीय पैरालंपिक समिति पर लगाए गए निलंबन को तत्काल प्रभाव से हटाया गया। इस पद के लिए देवेंद्र झाझरिया ने ही नामांकन किया है।
खेल मंत्रालय ने दो फरवरी को राष्ट्रीय खेल संहिता के अनुसार ‘नयी कार्यकारी समिति के चुनाव में जानबूझकर देरी’ पर पीसीआई की मान्यता खत्म कर दी।

पीसीआई ने छह से 15 मार्च तक पैरा निशानेबाजी विश्व कप की वजह से चुनावों को 28 मार्च तक के लिए स्थगित किया था, जो इस साल 31 जनवरी से पहले होने चाहिए थे।
सरकार से निलंबन के बाद इस निकाय ने संचालन समिति के सदस्यों को चुनने के लिए नौ मार्च को तय किया और नामांकन की प्रक्रिया शुरू की। शीर्ष समिति के अधिकांश शीर्ष पद बिना चुनाव के ही तय हो जायेंगे।
मंत्रालय ने पीसीआई को भेजे पत्र में कहा, ‘‘…चूंकि चुनाव प्रक्रिया उस स्तर पर आ गई है जहां नामांकित उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से विधिवत निर्वाचित माना गया है। पीसीआई छह से 15 मार्च तक पैरा निशानेबाजी विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। पीसीआई निलंबन को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का फैसला लिया गया है।
इसमें कहा गया, ‘‘पीसीआई के चुनाव के लिए मतदान अधिकारी ने दिनांक 04.03.2024 की अधिसूचना से आदर्श चुनाव दिशानिर्देशों अनुच्छेद नौ उप खंड (एक) के संदर्भ में, विधिवत निर्वाचित समझे जाने वाले निर्विरोध उम्मीदवारों की सूची अधिसूचित की है।
पैरा निशानेबाजी विश्व कप से निशानेबाजों के पास पेरिस पैरालंपिक के लिए 24 कोटा स्थान हासिल करने का मौका होगा। दिल्ली के कर्णी सिंह रेंज में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में 52 देशों के 500 से अधिक निशानेबाज चुनौती पेश करते दिखेंगे। एथेंस 2004 और रियो 2016 पैरालंपिक की एफ46 भाला फेंक स्पर्धा में पदक जीतने वाले झझारिया अध्यक्ष पद के एकमात्र उम्मीदवार हैं।
निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों की सूची जारी की और झझारिया अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं।
सभी प्रमुख पदों के लिए कोई मुकाबला नहीं होगा। केवल कार्यकारी समिति के सदस्यों के पांच पदों के लिए मतदान हो सकता है जिसके लिए आठ उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
पीसीआई चुनाव अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव और कार्यकारी समिति के पांच सदस्यों के पद के लिए होंगे। राजस्थान के रहने वाले झझारिया ने 2021 में टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीता था।
उन्होंने 2013 में विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण और 2015 में रजत (दोनों एफ46 श्रेणी) और साथ ही 2014 में एशियाई पैरा खेलों में रजत पदक जीता। वह पैरा प्लेयर्स में एकमात्र पद्म भूषण पुरस्कार विजेता (2022) हैं। वह भारत के एकमात्र दोहरे पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता हैं।
उन्हें 2017 में खेल रत्न से सम्मानित किया गया और इससे पहले उन्हें अर्जुन पुरस्कार (2004) और पद्म श्री (2012) से सम्मानित किया गया था। निवर्तमान अध्यक्ष दीपा मलिक शीर्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की पात्र थीं, उन्होंने झझारिया के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया, और उनका समर्थन कर रही हैं।
गोवा के अंतरराष्ट्रीय कोच और रेफरी जयवंत हम्मनवार महासचिव पद के लिए अकेले उम्मीदवार हैं। आर चंद्रशेखर और सत्य प्रकाश सांगवान का दो उपाध्यक्षों के रूप में निर्विरोध चुना जाना तय है, सुनील प्रधान कोषाध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं।
ललित ठाकुर और टी दिवाकर दो संयुक्त सचिव होंगे। कार्यकारी समिति के पांच सदस्यों के लिए जो आठ उम्मीदवार मैदान में हैं उनमें सुतापा चक्रवर्ती, भाटी चंदूलाल ताराचंदजी, संदीप कुमार, उषा मानकी, अमरीक सिंह, चंदन रॉय चौधरी, शमिंदर सिंह ढिल्लों और सिंगारापु बाबू हैं।