Trending

महिला प्रीमियर लीग : दिल्ली का हिसाब चुकता, मुंबई की 29 रन से हार

दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच महिला प्रीमियर लीग का 12वां मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुआ। दिल्ली ने पिछले साल की फाइनल की हार का और इस साल की ओपनिंग मैच की हार का बदला ले लिया। उन्होंने मुंबई को 29 रन से हराया।

दिल्ली ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 192 रन बोर्ड पर लगा दिए। जवाब में मुंबई 20 ओवर में 8 विकेट पर 163 रन ही बना पाई और 29 रन से मैच हार गई। 193 रन के टारगेट का पीछा करने आई मुंबई की पारी का आगाज काफी निराशाजनक रहा। एमआई ने अपने 3 विकेट 30 रन के अंदर-अंदर ही गंवा दिए।

Credits : Espncricinfo

मुंबई का टॉप ऑर्डर समेत मिडिल ऑर्डर फ्लॉप रहा। टीम के लिए 42 रन अमनजोत कौर ने बनाए। सजाना ने नाबाद 24 रन की अच्छी पारी खेली। दिल्ली से 3 विकेट जेस जॉनसन ने लिए। 2 सफलता मारिजान कैप को भी मिली। शिखा पांडे, तितास साधू और राधा यादव ने 1-1 विकेट लिया।

कप्तान मेग लैनिंग और जेमिमा रोड्रिग्स के तूफानी अर्धशतकों से दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार विकेट पर 192 रन बनाये। लैनिंग ने छह चौके और दो छक्के से 38 गेंद में 53 रन की पारी खेली। मौजूदा सत्र में अपने तीसरे अर्धशतक के साथ उन्होंने तीन उपयोगी साझेदारियां की।

जेमिमा ने 33 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाकर नाबाद 69 रन बनाये और टीम को 200 रन के करीब पहुंचाया। शेफाली वर्मा (28) और ऐलिस कैप्सी (19) ने भी आक्रामक पारियां खेली।

मुंबई के लिए पूजा वस्त्राकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रही। उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट लिया। साइका इशाक (29 रन पर एक विकेट), शबनीम इस्माइल (46 रन पर एक विकेट) और हेले मैथ्यूज (23 रन पर एक विकेट) विकेट लेने वाले अन्य गेंदबाज थे।

बेंगलुरु चरण की सफलता के बाद डब्ल्यूपीएल का कारवां दिल्ली पहुंचा, मैदान का ज्यादातर हिस्सा दर्शकों से खाली रहा। अरुण जेटली स्टेडियम में दर्शकों की बेरुखी के बावजूद दिल्ली के बल्लेबाजों का हौसला कम नहीं हुआ। लैनिंग और शेफाली ने टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई।