रणजी ट्रॉफी : फाइनल में विदर्भ और मुंबई के बीच खिताबी टक्कर
रणजी ट्राफी के दूसरे सेमीफाइनल में विदर्भ टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश टीम को 62 रन से हराया। विदर्भ फाइनल में पहुंच गई है। जहां उनका सामना मुंबई टीम से होगा। यह मैच 10 मार्च से वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
मध्य प्रदेश को जीत के लिए 321 रन चाहिए थे, पूरी टीम 258 रन ही बना पाई। विदर्भ मैच में पहले बल्लेबाजी करने आई थी और पूरी टीम 56.4 ओवर में 170 रन बनाकर ढेर हो गई। आवेश खान ने मध्य प्रदेश के लिए 4 विकेट झटके।

जवाब में हिमांशु मंत्री की शतक (126) से मध्य प्रदेश ने 252 रन बना दिए। विदर्भ ने दूसरी पारी में 402 रन बना दिए। मध्य प्रदेश की दूसरी पारी में यश दुबे (94) को छोड़कर और कोई भी खिलाड़ी बड़ा स्कोर नहीं बना पाया।
दुबे ने 212 गेंदों का सामना किया और 10 चौकों से 94 रन बनाकर आउट हुए। उनकी यह पारी भी टीम को जीत नहीं दिला पाई। दुबे का इस सीजन में प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। इस सीजन में वह 6 अर्धशतक अपने नाम किए हैं।
पिछली 15 पारियों में उनके स्कोर क्रमश: 11, 64, 9, 5, 68, 25, 37, 59, 37, 30, 0, 11, 91, 15 और 59 के रहे हैं। विदर्भ से यश राठौड़ ने मैच में 200 गेंद का सामना किया और 141 रन बनाए। उनके बल्ले से 18 चौके और 2 छक्के निकले। उन्होंने 70.50 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
उनकी इस शानदार पारी के ही कारण पूरा मैच पलट गया। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका पहला शतक था। उन्होंने कप्तान अक्षय वाडकर (77) के साथ 279 गेंद में 158 रन की साझेदारी निभाई।
अनुभव अग्रवाल ने विदर्भ की दूसरी पारी में मध्य प्रदेश के लिए 5 विकेट झटके। उन्होंने 18 ओवर में 1 मेडन ओवर के साथ 92 रन खर्च किए और 5 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। यह उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का तीसरा 5 विकेट हॉल रहा।
क्वार्टर फाइनल में उन्होंने 52 रन खर्च कर 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। उनकी इकॉनमी रेट 2.70 की रही थी। इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद उनकी टीम नहीं जीत पाई।
मध्य प्रदेश के बल्लेबाज हिमांशु ने पहली पारी में प्रथम श्रेणी करियर का छठा शतक लगाया। वह 265 गेंदों में 12 चौके और 1 छक्के से 126 रन बनाकर आउट हुए।
मंत्री ने दिसंबर 2019 में बड़ौदा टीम के खिलाफ अपने प्रथम श्रेणी करियर का आगाज किया था। वह 28 मैच की 46 पारियों में 38 की औसत से 1,837 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतकों के अलावा 6 अर्धशतक भी जड़े हैं।