Trending

फ्रेंच ओपन : उलटफेर भरी जीत के साथ श्रीकांत दूसरे दौर में

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को चीनी ताइपे के चोउ टियेन चेन पर जीत के साथ फ्रेंच ओपन के पुरुष एकल के दूसरे दौर में पहुंच गए, एचएस प्रणय इस टूर्नामेंट के पहले दौर में ही बाहर हो गये।

पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे श्रीकांत की चेन के खिलाफ सात मैचों में यह तीसरी जीत है। उन्होंने 66 मिनट तक चले मैच को 21-15, 20-22, 21-8 से जीता।

@BAI_Media

2021 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता श्रीकांत का सामना दूसरे दौर में चीन के विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर काबिज खिलाड़ी लू गुआंग जू से होगा। गुआंग ने एचएस प्रणय के अभियान को 21-17, 21-17 से हराकर खत्म किया।

श्रीकांत ने मैच की शुरुआत में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने 5-7 से पिछड़ने के बाद अगले 17 अंकों में से 14 अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम किया। चेन ने दूसरे गेम में पलटवार किया और कड़ी मशक्कत के बाद मैच को तीसरे और निर्णायक गेम तक खींचने में सफल रहे।

श्रीकांत ने तीसरे गेम में लय वापस हासिल की और 7-5 से बढ़त बनाने के बाद नौ अंक लेकर चेन को काफी पीछे छोड़ दिया। ताइवान के खिलाड़ी ने तीन अंक जुटाए, भारतीय खिलाड़ी ने शेष पांच अंक लेकर मैच अपने नाम किया।

बगल वाले कोर्ट पर गुआंग जू के खिलाफ प्रणय के खेल में निरंतरता की कमी दिखी। वह शुरुआती गेम में बढ़त बनाने के बाद पिछड़ गये। प्रणय ने वापसी करते हुए 11-8 की बढ़त बनायी। गुआंग जू ने स्कोर को 16-16 से बराबर किया और प्रणय के लचर खेल का फायदा उठाते हुए पहला गेम जीत लिया।

प्रणय दूसरे गेम में पिछड़ रहे थे। शुरुआत में 0-3 से पिछड़ने के बाद वह स्कोर को 6-6 करने में सफल रहे। उन्होंने इस दौरान गुआंग जू के खिलाफ कुछ शानदार स्मैश लगाये। कई बार उनके शॉट कोर्ट से बाहर चले गये जिससे चीन के खिलाड़ी ने 11-7 की बढ़त बना ली।

प्रणय ने शानदार जज्बा दिखाते स्कोर को बराबर किया, गुआंग जू ने उन्हें बढ़त लेने का मौका नहीं दिया। गुआंग जू 19-14 के स्कोर के साथ जीत के करीब थे, प्रणय ने तीन अंक जुटाया। गुआंग जू ने करारा स्मैश लगाया जो प्रणय के सिर पर लगा। इस अंक के साथ ही उन्होंने मैच अपने नाम कर लिया।