आईसीसी टेस्ट रैंकिंग : शीर्ष 10 बल्लेबाजों में यशस्वी जायसवाल की एंट्री
युवा भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में शानदार प्रदर्शन से करियर में पहली बार टेस्ट बल्लेबाजों की आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष 10 में आ गए। 2023 में टेस्ट में डेब्यू करने वाले जायसवाल 727 रेटिंग अंक के साथ दो स्थान की छलांग लगाकर 10वें स्थान पर हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ बल्ले से जबरदस्त फॉर्म में चल रहे जायसवाल ने एक टेस्ट सीरीज में 600 या इससे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के विशिष्ट क्लब में शामिल होकर इतिहास रच दिया है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले बाएं हाथ के एकमात्र बल्लेबाज हैं।
22 वर्षीय जायसवाल सुनील गावस्कर, दिलीप सरदेसाई, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली के साथ टेस्ट श्रृंखला में 600 रन का आंकड़ा पार करने वाले केवल पांचवें भारतीय हैं।
जायसवाल ने चार टेस्ट 93.57 की औसत से 655 रन बनाए हैं जिसमें दो अर्धशतक और दो दोहरे शतक हैं। उनकी नजरें अब एक टेस्ट सीरीज में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक रन (774) के महान सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड को तोड़ने पर टिकी हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में तीसरे टेस्ट में 131 रन की शानदार पारी खेलने वाले रोहित शर्मा को 11वें स्थान पर आ गए हैं। भारतीय कप्तान को दो स्थान का फायदा हुआ है। इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की पूरी सीरीज से बाहर स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी एक स्थान ऊपर चढ़कर आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
रांची में चौथे टेस्ट में शतक जड़ने वाले इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को पछाड़कर दूसरे स्थान पर आ गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की दोनों पारियों में विफल रहे मार्नस लाबुशेन पांच स्थान के नुकसान से 13वें स्थान पर आ गए।
गेंदबाजों में भारत के रविंद्र जडेजा एक स्थान फिसलकर सातवें स्थान पर हैं, ऑस्ट्रेलिया की न्यूजीलैंड पर 172 रन की जीत के बाद जोश हेजलवुड और नाथन लियोन दोनों रैंकिंग में ऊपर चढ़कर क्रमश: चौथे और छठे स्थान पर हैं।