महिला प्रीमियर लीग : गुजरात जायंट्स की पहली जीत, आरसीबी की 19 रन से हार
गुजरात जायंट्स ने महिला प्रीमियर लीग की पहली जीत दर्ज कर ली है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मैच में गुजरात जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 19 से हराया।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 5 विकेट पर 199 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में आरसीबी 20 ओवर में 8 विकेट पर 180 रन ही बना सकी और जीत से 19 रन पीछे रह गई। 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही।

31 रन पर कप्तान स्मृति मंधाना पवेलियन लौट गईं। मंधाना 24 रन बनाकर आउट हुईं। आरसीबी का दूसरा विकेट सलामी बल्लेबाज सब्बिनेनी मेघना के रूप में गिरा। वह सिर्फ 4 रन बना सकीं। आरसीबी को तीसरा झटका सोफी डिवाइन के रूप में लगा। डिवाइन ने 23 रन बनाए।
अनुभवी बल्लेबाज एलिस पैरी का बल्ला इस मैच में नहीं चला। पैरी 24 रन बनाकर कैच आउट हुईं। आरसीबी का 5वां विकेट ऋचा घोष के रूप में गिरा। ऋचा ने 21 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के से 30 रन बनाए। अंतिम ओवरों में जॉर्जिया वेयरहैम ने टीम को जिताने की भरपूर कोशिश की, वह टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
जॉर्जिया ने 22 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों से 48 रनों की पारी खेली। इनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बल्ले से ज्यादा योगदान नहीं दे पाया। टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 180 रन ही बना सकी। गुजरात से एश्ले गार्डनर ने 2 विकेट, कैथरीन ब्राइस और तनुजा कंवर ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। लौरा वोल्वार्ड्ट और कप्तान बेथ मूनी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। लौरा ने 45 गेंदों में 13 चौकों से 76 रनों की पारी खेली।
कप्तान बेथ मूनी 51 गेंदों में 12 चौकों और 1 छक्के से 85 रन बनाकर नाबाद रहीं। कप्तान मूनी ने लौरा के साथ पहले विकेट के लिए 140 रन की विशाल साझेदारी की। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा फोएबे लिचफील्ड ने 18 रन का योगदान दिया।
आरसीबी के लिए सोफी मोलिनेक्स और जॉर्जिया वेयरहैम ने एक-एक विकेट चटकाया। अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 6 मैचों में तीन जीत और तीन में हार के साथ दूसरे स्थान पर है। आरसीबी के 6 अंक है।
गुजरात 5 मैचों में 4 में हार और एक जीत के साथ पांचवें अर्थात अंतिम स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी है। टीम के खाते में आठ अंक हैं। दिल्ली को 5 मैच में 4 में जीत और एक में हार मिली है। मुंबई छह अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। यूपी चार अंकों के साथ चौथे पायदान पर है।