ला लीगा: रियल मैड्रिड के फुटबॉलर जूड बेलिंगहैम पर दो मैचों का बैन
इंग्लैंड के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जूड बेलिंगहैम के बिना रियल मैड्रिड अगले दो ला लीगा मैचों में खेलेगा, वालेंसिया के खिलाफ मैच के दौरान रेफरी से बहस के लिए उन्हें दो मैचों के लिए निलंबित किया गया। वालेंसिया के खिलाफ मैच 2-2 से ड्रा रहा था।
शनिवार को वालेंसिया और रियल मैड्रिड के बीच मैच के दौरान अतिरिक्त समय में जूड बेलिंगहैम ने लुका मोड्रिक के पास पर हेडर से गोल कर दिया और टीम को 3-2 से आगे कर दिया, इस गोल को अमान्य कर दिया गया, रेफरी ने मोड्रिक द्वारा बेलिंगहैम को गेंद पास करने से पहले ही सीटी बजा दी थी।

बेलिंगहैम गुस्से में रेफरी के पास गए और बहस करने लगे, जिसके बाद रेफरी गिल मंज़ानो ने उन्हें लाल कार्ड दिखाया। स्पैनिश अनुशासन संहिता के अनुसार, किसी रेफरी से अपमानजनक या अविवेकपूर्ण रवैये के साथ बात करने पर दो या तीन खेलों का निलंबन और अधिकतम एक महीने की सजा मिलेगी।
बेलिंगहैम पर सबसे कम संभव प्रतिबंध लगाया गया है, जिसका मतलब है कि वह सेल्टा विगो और ओसासुना के खिलाफ ला लीगा मैच में नहीं खेल पाएंगे।