धर्मशाला टेस्ट : आर अश्विन बने 100वां टेस्ट खेलने वाले उम्रदराज खिलाड़ी
भारत बनाम इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हो रहा है। इस मैच में भारतीय ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने इतिहास रचा है।

अश्विन का यह 100वां टेस्ट है और वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। अश्विन से पहले 13 खिलाड़ी भारत के लिए 100 या उससे अधिक टेस्ट खेल चुके हैं, मगर अश्विन इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे ज्यादा उम्र के भारतीय खिलाड़ी बने हैं।
आर अश्विन 37 साल और 172 दिन की उम्र में अपना 100वां टेस्ट खेल रहे हैं। उन्होंने इस मामले में सौरव गांगुली का रिकॉर्ड तोड़ा है।

बात भारत के लिए 100 या उससे अधिक टेस्ट खेलने वाले प्लेयर्स की करें तो इस सूची में सचिन तेंदुलकर के साथ राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, अनिल कुंबले, कपिल देव, सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, सौरव गांगुली, विराट कोहली, इशांत शर्मा, हरभजन सिंह, चेतेश्वर पुजारा और वीरेंद्र सहवाग का हैं। अश्विन इस लिस्ट में जुड़ने वाले 14वें खिलाड़ी बन गए हैं।

अश्विन के रिकॉर्ड्स की बात करें तो वह अब तक 507 टेस्ट विकेट चटका चुके हैं। वह 100 के कम टेस्ट मैचों में 500 या उससे अधिक विकेट चटकाने वाले मात्र दूसरे गेंदबाज हैं। उनसे पहले ये कारनामा श्रीलंकाई लीजेंड मुथैया मुरलीधरन ने किया था। अश्विन के नाम टेस्ट क्रिकेट में संयुक्त रूप से सबसे अधिक 35 पांच विकेट हॉल हैं।

बात मैच की करें तो धर्मशाला टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। इंग्लैंड टीम में 1 तो भारत में 2 बदलाव हुए हैं। मेहमानों ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान एक दिन पहले ही कर दिया था। उनकी टीम में ओली रॉबिंसन की जगह मार्क वुड की एंट्री हुई है।
टीम इंडिया में आकाश दीप की जगह जसप्रीत बुमराह आए हैं और चोटिल रजत पाटीदार की जगह देवदत्त पडिक्कल को डेब्यू का मौका मिला है। कप्तान रोहित ने बताया कि पाटीदार को मैच से एक दिन पहले चोट लगी थी।
100वां टेस्ट खेलने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय
आर अश्विन – 37 वर्ष 172 दिन*
सौरव गांगुली – 35 वर्ष 171 दिन
सुनील गावस्कर – 35 वर्ष 99 वर्ष
अनिल कुंबले – 35 वर्ष 62 दिन
चेतेश्वर पुजारा – 35 वर्ष 23 दिन