Trending

महिला प्रीमियर लीग : मुंबई जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे पायदान पर

महिला प्रीमियर लीग में मुंबई ने यूपी वॉरियर्स को 42 रन से हराया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 160 रन बनाए। जवाब में यूपी 20 ओवर में नौ विकेट पर 118 रन ही बना सकी।

161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के 15 रन पर ही तीन विकेट गिर गए। कप्तान एलिसा हेली 3 रन, किरण नवगिरे 7 रन और चमारी अटापट्टू 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। टीम का चौथा विकेट ग्रेस हैरिस के रूप में गिरा। हैरिस ने 15 रन बनाए।

Credits : Espncricinfo

टीम के लिए ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने जरूर बल्ले से अच्छी पारी खेली और छह चौकों और दो छक्कों से नाबाद 53 रन बनाए। दीप्ति के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज रन नहीं बना सका।

श्वेता सहरावत ने 17 रन, उमा क्षेत्री ने आठ रन, पूनम खेमनार ने 7 रन का योगदान दिया। टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी। मुंबई से साइका इशाक ने तीन विकेट झटके, नैट साइवर ब्रंट को दो विकेट मिले।

शबनिम इस्माइल, हेली मैथ्यूज, पूजा वस्त्रकार और सजीवन सजना को एक-एक सफलता मिली। इससे पहले मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 160 रन बनाए। टीम के लिए नैट साइवर ब्रंट ने 31 गेंदों में 8 चौकों से 45 रन बनाए।

अमेलिया कर ने 39 रन, कप्तान हरमनप्रीत कौर 33 रन और सजीवन सजना ने नाबाद 22 रन बनाए। यूपी के लिए चमारी अटापट्टू ने दो विकेट लिए, राजेश्वरी गायकवाड़, दीप्ति शर्मा और साइमा ठाकुर के खाते में एक-एक विकेट आया।

मुंबई जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है। टीम के 6 मैचों में 4 जीत और 2 हार के साथ आठ अंक हैं। यूपी चार अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। टीम के 6 मैचों में 2 जीत और चार हार के साथ 4 अंक हैं।

अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स पहले स्थान पर है। दिल्ली के 5 मैचों में 4 जीत के साथ 8 अंक हैं। आरसीबी अंक तालिका में 6 मैचों में 3 जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। गुजरात जायंट्स एक जीत के साथ अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है।