रोहित शर्मा हुए चोटिल, अब जसप्रीत बुमराह कर रहे कप्तानी
धर्मशाला में भारत बनाम इंग्लैंड पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का 5वां टेस्ट हो रहा है। मैच के तीसरे दिन भारत के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। कप्तान रोहित शर्मा पीठ में जकड़न के कारण तीसरे दिन फील्डिंग करने मैदान पर नहीं उतरे हैं, उनकी गैरमौजूदगी में कप्तानी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह संभाल रहे हैं।

बता दें, बुमराह इस टीम के उप-कप्तान हैं। बीसीसीआई ने एक्स पर पोस्ट कर रोहित के चोटिल होने की जानकारी दी। इंग्लैंड के 218 रनों के सामने भारत की पहली पारी 477 रनों पर सिमट गई है। टीम इंडिया ने 259 रनों की बढ़त हासिल की। बीसीसीआई ने लिखा, ‘कप्तान रोहित शर्मा पीठ में अकड़न के कारण तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरे हैं।
भारत ने तीसरे दिन की शुरुआत 8 विकेट पर 473 रनों से की थी। इंग्लैंड ने पहले आधे घंटे में कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह को आउट कर भारतीय पारी को 477 रनों पर समेटा।
जेम्स एंडरसन ने दिन की पहली सफलता कुलदीप यादव को 30 रन पर आउट करके हासिल की। इस विकेट के साथ एंडरसन ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। कुलदीप एंडरसन के टेस्ट क्रिकेट में 700वें शिकार बने।
एंडरसन टेस्ट क्रिकेट में 700 विकेट चटकाने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज और कुल तीसरे खिलाड़ी बने। एंडरसन की इस सफलता के बाद शोएब बशीर ने जसप्रीत बुमराह को आउट कर भारत की पारी को समेटा। बशीर ने इस विकेट के साथ सीरीज का अपना दूसरा पंजा खोला है।
भारत को 477 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल का रहा। दोनों बल्लेबाजों ने शतक जड़े। सरफराज खान और देवदत्त पडिक्कल ने अर्धशतकीय पारी खेली।