Trending

महिला प्रीमियर लीग : हरमनप्रीत कौर की शानदार पारी ने मुंबई को दिलाई जीत

मुंबई ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के तूफानी अर्धशतक से गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराया। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बनाए, जवाब में मुंबई ने 19.5 ओवर में 3 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

हरमनप्रीत ने 48 गेंदों पर 10 चौके और 5 छक्के से नाबाद 95 रन बनाए, यास्तिका भाटिया ने 49 रनों की पारी खेली। 191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को हेले मैथ्यूज और यास्तिका भाटिया ने तेज शुरुआत दिलाई और पॉवरप्ले में 50 रन जोड़ दिये, मुंबई लड़खड़ा गई और 8वें ओवर तक टीम ने 57 रन पर दो विकेट खो दिये।

Credits : Espncricinfo

50 रन पर तनुजा कंवर ने पहले हेले मैथ्यूज (18) को चलता किया, शबनम शकील ने नट स्किवर ब्रंट (02) को पवेलियन भेज दिया। यास्तिका भाटिया और हरमनप्रीत कौर ने पारी संभाली और 36 गेंदों पर 41 रन की साझेदारी की, एश्ले गार्डनर ने 13वें ओवर में 98 के कुल स्कोर पर यास्तिका को चलता कर मुंबई को तीसरा झटका दिया।

यास्तिका 36 गेंदो पर 8 चौके और 1 छक्के से 49 रन बनाए। हरमनप्रीत ने अपने हाथ खोले और 14वें ओवर में 19 रन जड़ दिये। मेघना सिंह के इस ओवर में हरमन ने 2 चौके और 1 छक्का लगाया।

स्नेह राणा हरमनप्रीत को आउट करने के काफी करीब आ गईं थीं, लांगऑन बाउंड्री पर फोबे लिचफील्ड ने आसान सा कैच छोड़ दिया। हरमनप्रीत उस समय 29 गेंदों पर 40 रन पर थीं। इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए उन्होंने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

हरमनप्रीत ने 18वें ओवर में स्नेह राणा को 24 रन जड़ दिये। उन्होंने इस ओवर में तीन चौके और 2 छक्के जड़े। हरमनप्रीत ने अपने हाथ खोले और तनुजा कंवर के इस ओवर में 10 रन जोड़े। गेंद एश्ले गार्डनर के हाथ में थी, हरमनप्रीत ने गार्डनर के पहले ही गेंद पर छक्का जड़ दिया।

हरमनप्रीत ने सिंगल लेकर मुंबई को 19.5 ओवर में 191 रन बनाकर सात विकेट से जीत दिला दी। गुजरात से एश्ले गार्डनर, तनुजा कंवर और शबनम शकील ने 1-1 विकेट लिया।

कप्तान बेथ मूनी और दयालन हेमलता के बेहतरीन अर्धशतकीय पारियों से गुजरात जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य रखा है। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट पर 190 रन बनाए। मूनी ने 66 और हेमलता ने 74 रनों की शानदार पारी खेली।

गुजरात जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लौरा वोल्वार्ट को शुरुआत से ही हैले मैथ्यूज ने अपनी गेंदबाजी से परेशान किया और मैच के पहले दो गेंदो पर वोल्वार्ट आउट होने से बचीं।

जब लग रहा था कि वो लय पकड़ रहीं हैं, तभी तीसरे ओवर में 18 के कुल योग पर मैथ्यूज ने उन्हें बोल्ड कर दिया। वोल्वार्ट ने 14 गेंदों पर 3 चौकों से 13 रन बनाए। कप्तान बेथ मूनी ने तेजी से रन बनाने शुरु किये और 5.4 ओवर में टीम का स्कोर 50 तक पहुंचाया।

दयालन हेमलता ने मूनी का अच्छा साथ दिया और 10 ओवरों में टीम को 100 के पार ले गईं। मूनी ने 27 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, इस दौरान उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया।

मूनी और हेमलता ने दूसरे विकेट के लिए 51 गेंदों पर 100 रन की साझेदारी कर दी। मूनी के बाद हेमलता ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया। 14वें ओवर में 139 के कुल स्कोर पर एस. संजना ने बेथ मूनी को बोल्ड कर मुंबई इंडियंस को बड़ी सफलता दिलाई। मूनी ने 35 गेंदों पर 66 रन बनाए।

इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 3 छ्क्के लगाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 62 गेंदों पर 121 रन जोड़े। गुजरात के विकेट लगातार गिरते रहे, पहले 15वें ओवर में 152 के कुल स्कोर पर साइका इशाक ने फोबे लिचफील्ड को कप्तान हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा, अगले ओवर में 159 के कुल स्कोर पर पूजा वस्त्राकर ने एश्ले गार्डनर (03) को बोल्ड कर गुजरात को चौथा झटका दिया।

अगले ही ओवर में 163 के कुल स्कोर पर शबनीम इस्माइल ने दयालन हेमलता को भी पवेलियन भेज मुंबई को बड़ी सफलता दिलाई। हेमलता ने 40 गेंदों पर 74 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए।

19वें ओवर में 179 के कुल स्कोर पर संजना ने सीधे थ्रो पर कैथरीन ब्राइस को रन आउट कर गुजरात को एक और झटका दिया। कैथरीन ने 7 रन बनाए।

आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर इशाक ने स्नेह राणा (01) को आउट कर गुजरात को एक और झटका दिया। गुजरात ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बनाए। भारती फूलमाली 21 व तनुजा कंवर बिना खाता खोले नाबाद लौटीं। मुंबई से साइका इशाक ने 2, हेले मैथ्यूज, शबनीम इस्माइल, पूजा वस्त्राकर और एस संजना ने 1-1 विकेट लिया।