फ्रेंच ओपन : सात्विक-चिराग पुरुष युगल खिताब से एक जीत दूर
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने दक्षिण कोरिया के सियो सेउंग जे और कांग मिन ह्युक को सीधे गेम में हराकर फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल के फाइनल में जगह बनाई।
भारतीय जोड़ी ने इस साल तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई है। फ्रेंच ओपन में भी यह जोड़ी तीसरी बार फाइनल में पहुंची है। सात्विक और चिराग ने सेमीफाइनल में कोरिया की जोड़ी को 21-13, 21-16 से हराया।

लक्ष्य सेन का सफ़र विश्व चैंपियन थाईलैंड के कुनलावुत विटिडसर्न से हारने के बाद समाप्त हो गया। कुनलावुत ने सेमीफाइनल में एक घंटे 18 मिनट तक चले मैच में 20-22, 21-13, 21-11 से जीत दर्ज की।
सात्विक और चिराग ने दुनिया की दो सर्वश्रेष्ठ जोड़ियों के बीच मैच में शुरू से दबदबा बनाए रखा तथा इस साल के शुरू में इंडिया ओपन में मिली हार का बदला चुकता किया।
मौजूदा विश्व चैंपियन जोड़ी के खिलाफ पहला गेम आसानी से जीतने के बाद सात्विक और चिराग ने दूसरे गेम में कोरियाई जोड़ी को वापसी का मौका नहीं दिया।
भारतीय जोड़ी ने यह मैच 40 मिनट में जीता। भारतीय जोड़ी फाइनल में चीनी ताइपे के ली झे हुई और यांग पो ह्वान से भिड़ेगी, जिन्होंने सेमीफाइनल में जापान के ताकुरो होकी और यूगो कोबायाशी को हराया।