Trending

फ्रेंच ओपन : चिराग-सात्विक ने अपने नाम किया साल का पहला खिताब

भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी ने फ्रेंच ओपन के फाइनल में चीनी ताइपे के ली झे हुई और यांग पो ह्वान को हराकर पुरुष युगल का ख़िताब जीता। भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में रिपब्लिक ऑफ कोरिया के कांग मिन ह्युक-सियो सेउंग जे को हराकर 2024 बैडमिंटन सीज़न के अपने तीसरे फाइनल में जगह बनाई थी।

फाइनल में जीत हासिल करने के साथ ही चिराग और सात्विक का 2024 बैडमिंटन सीज़न का यह पहला और दूसरा फ्रेंच ओपन ख़िताब था। भारतीय जोड़ी ने इससे पहले 2022 में फ्रेंच ओपन जीता था और 2019 में उपविजेता रहे थे।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने अपने सीज़न की शुरुआत में मलेशिया ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी, विश्व नंबर 1 चीनी जोड़ी लियांग वेई केंग और वांग चांग से हार का सामना करना पड़ा था। इंडिया ओपन फाइनल में चिराग-सात्विक को कांग मिन ह्युक और सियो सेउंग जे से हार मिली थी।

2022 फ्रेंच ओपन चैंपियन रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चीनी ताइपे की जोड़ी के ख़िलाफ़ शुरुआत से ही अपने दबदबे को बरक़रार रखा और भारतीय जोड़ी 11-5 के स्कोर से बढ़त बनाए हुई थी और इसके बाद बड़ी आसानी से यह गेम 21-11 से अपने नाम कर लिया।

@BAI_Media

आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय जोड़ी ने शानदार अंदाज में दूसरे गेम की शुरुआत की, इस गेम में चीनी ताइपे जोड़ी ने भारतीय खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी। रंकीरेड्डी और शेट्टी ने ताइपे जोड़ी को वापसी का मौका नहीं दिया और इस गेम 21-17 से जीत लिया।

भारतीय जोड़ी ने 37 मिनट तक चले इस मैच को 21-11, 21-17 से जीतते हुए पुरुष युगल का ख़िताब हासिल किया। सात्विक और चिराग का बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर यह आठवां ख़िताब था।

भारतीय जोड़ी ने पिछले साल स्विस ओपन, इंडोनेशिया ओपन और कोरिया ओपन जीता था, फ्रेंच ओपन जीतने से पहले उन्हें मलेशिया ओपन और इंडिया ओपन के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।

फ्रेंच ओपन, बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 इवेंट है, जिसके रिजल्ट पेरिस ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों की क्वालीफाइंग रैंकिंग में शामिल किए जाएंगे। बैडमिंटन के लिए क्वालिफिकेशन विंडो 1 मई से शुरू हुई थी और अप्रैल में समाप्त होगी।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए अगला टूर्नामेंट मंगलवार से शुरू होगा, जो ऑल इंग्लैंड ओपन बीडब्ल्यूएफ सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट होगा। बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 इवेंट ऑरलियन्स मास्टर्स भी अगले सप्ताह शुरू हो रहा है।