Trending

महिला प्रीमियर लीग : गुजरात की जीत, 8 रन से यूपी की हार

दीप्ति शर्मा की नाबाद 88 रन की पारी के बावजूद यूपी वॉरियर्स को महिला प्रीमियर लीग में गुजरात जायंट्स से आठ रन से हार मिली। 153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्स की शुरुआत काफी खराब रही और उसने 35 पर अपने पांच विकेट गंवा दिये थे।

पहले ओवर में कप्तान अलिसा हीली चार रन, ग्रेस हैरिस एक रन,श्वेता सहरावत आठ रन बनाकर आउट हुई। किरण नवगिरे और चमारी अटापट्टू अपना खाता भी नहीं खेल सकी। दीप्ति शर्मा ने पूनम खेमनार के साथ यूपी वॉरियर्स की पारी को संभाला और छठे विकेट के लिये 109 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया।

Credits : Espncricinfo

दीप्ति ने 60 गेंदों में नौ चौके और चार छक्कों से नाबाद 88 रन बनाये। पूनम ने 36 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के से 36 रनों की पारी खेली। यूपी वॉरियर्स 20 ओवर में पांच विकेट पर 144 रन ही बना सकी और आठ रन से मैच हार गई। इस जीत के बाद गुजरात ने प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखा है। यूपी को हराने के बावजूद गुजरात अंक तालिका में सबसे नीचले पायदान पर है।

गुजरात से शबनम एम डी ने तीन विकेट लिये। कैथरीन ब्राइस और एश्ली गार्डनर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले कप्तान बेथ मूनी की नाबाद 74 रनों की पारी और लॉरा वुलफार्ट के 43 रनों से गुजरात ने यूपी वॉरियर्स को जीत के लिए 153 रनों का लक्ष्य दिया है।

Credits : Espncricinfo

गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। गुजरात की बेथ मूनी और लॉरा वुलफार्ट की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिये 60 रन जोड़ते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दी। आठवें ओवर में एकल्सटन ने लॉरा को हीली के हाथों स्टंप आउट कराकर गुजरात का पहला विकेट झटका दिया।

लॉरा ने 30 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के से 43 रन बनाये। अगले ही ओवर में अटापट्टू ने दयालन हेमलता को शून्य पर आउट कर पवेलियन भेज दिया। एश्ली गार्डनर 15 रन, कैथरीन ब्राइस 11 रन बनाकर आउट हुई। गुजरात के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।

बेथ मूनी ने 52 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के से नाबाद 74 रनों की पारी खेली जिसकी बदौलत गुजरात की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 152 रन का स्कोर खड़ा किया। यूपी वॉरियर्स की ओर से सोफी एकल्सटन को तीन विकेट मिले। दीप्ति शर्मा ने दो विकेट लिये। राजेश्वरी गायकवाड़ और चमारी अटापट्टू ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।