आईपीएल : शुरुआती मैच से बाहर हो सकते है स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव
स्टार भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव आईपीएल के शुरुआती 2 मैचों से बाहर हो सकते हैं। वे अभी इंजरी से रिकवर नहीं कर सके हैं, उनके फिट होने के बारे में भी नेशनल क्रिकेट अकादमी या बीसीसीआई ने कोई जानकारी नहीं दी है।
सूर्यकुमार से पहले दिल्ली कैपिटल्स के ऋषभ पंत का आईपीएल के सभी मैचों में शामिल होना मुश्किल बताया गया। गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी तो टूर्नामेंट से बाहर ही हो गए हैं। सूर्या आईसीसी की टी-20 बैटर्स रैंकिंग में नंबर-1 प्लेयर हैं। वे मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल खेलते हैं। उनकी टीम 17वें सीजन में 24 मार्च को पहला और 27 मार्च को दूसरा मुकाबला खेलेगी।

सूर्यकुमार यादव आखिरी बार दिसंबर 2023 में भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते दिखाई दिए थे। यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने टी-20 में टीम इंडिया की कप्तानी की थी। इसी दौरान वे फील्डिंग के दौरान गेंद रोकने की कोशिश में इंजर्ड हुए।
सूर्या को पैर में चोट लगी थी, जिसका इलाज कराने के लिए वे भारत लौटे। उन्होंने हर्निया की सर्जरी कराई और फिर नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिहैब शुरू कर दिया।
सर्जरी के कारण सूर्यकुमार की वापसी कन्फर्म नहीं हो सकी है। दिसंबर में इंजर्ड होने के बाद से वे नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिकवरी कर रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, सूर्यकुमार मुंबई इंडियंस के लिए शुरुआती 2 मैच नहीं खेल सकेंगे।
आईपीएल का 17वां सीजन 22 मार्च से शुरू हो रहा है। मुंबई अपना पहला मैच 24 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेगी। टीम दूसरे मैच में 27 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगी। दोनों में ही सूर्या का खेलना मुश्किल है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सूर्यकुमार अप्रैल में खेल के मैदान पर लौट सकते हैं। एक अप्रैल को मुंबई इंडियंस लीग स्टेज के अपने तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। इसी मैच में सूर्या खेलते नजर आ सकते हैं।
सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस से ही आईपीएल खेलने की शुरुआत की। उन्हें फिर कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा, यहां अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्हें मुंबई ने फिर ऑक्शन में खरीद लिया।
मुंबई से ही उनका क्रिकेट करियर तेजी से बढ़ा। उन्होंने टीम इंडिया में जगह बनाई और 4 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाईं। साथ ही वे आईसीसी टी-20 बैटर्स रैंकिंग में नंबर-1 बन गए। 139 आईपीएल मैचों में सूर्या के नाम 143.32 की स्ट्राइक रेट से 3,249 रन हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में एक शतक और 21 फिफ्टी लगाई हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट के 60 मैचों में सूर्या ने 171.55 की स्ट्राइक रेट से 2141 रन बनाए हैं। इनमें 4 सेंचुरी और 17 फिफ्टी हैं। सूर्यकुमार ने भारत के लिए 37 वनडे और एक टेस्ट भी खेला है।