Trending

पहली बार यशस्वी ने जीता आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड

सलामी भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को फरवरी के लिए आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से नवाजा गया है। उन्होंने पहली बार यह अवॉर्ड जीता है। उन्होंने पिछले साल जुलाई में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था।

यशस्वी ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में जबरदस्त बल्लेबाजी की। उन्होंने फरवरी में तीन टेस्ट में मैचों में 112 की औसत से 560 रन बटोरे, जिसमें दो दोहरे शतक हैं। उन्होंने पूरी सीरीज में 712 रन बनाए। वह प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे।

साभार : गूगल

यशस्वी ने न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन और श्रीलंका के ओपनर पथुम निसांका को पछाड़कर प्लेयर ऑफ द मंथ खिताब हासिल किया है। वह आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतने वाले भारत के सातवें पुरुष क्रिकेटर हैं।

उनसे पहले यह कमाल ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और शुभमन गिल ने किया। गिल ने दो बार इस पुरस्कार पर कब्जा जमाया। यशस्वी ने अवॉर्ड जीतने के बाद खुशी का इजहार किया और कहा कि वह आने वाले दिनों में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा, “मैं आईसीसी अवॉर्ड मिलने पर बहुत खुश हूं और मुझे उम्मीद है कि भविष्य में मुझे और पुरस्कार मिलेंगे। मैंने पहली बार पांच मैचों की सीरीज खेली है। मैं जिस तरह से खेला, मैंने वास्तव में इसका आनंद लिया। हमने 4-1 से सीरीज जीती है। मेरा सभी साथियों के साथ अविश्वसनीय अनुभव रहा, जिसका मैंने तुल्फ उठाया।

गौरतलब है कि यशस्वी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 9 मैच खेले हैं, जिसमें उनके बल्ले से 1028 रन निकले। उनका इस दौरान औसता 68.53 का रहा।