पैरा निशानेबाजी विश्व कप : मनीष नरवाल ने दो सिल्वर मेडल पर लगाए निशाने
भारतीय पैरा निशानेबाज मनीष नरवाल ने डब्ल्यूएसपीएस पैरा निशानेबाजी विश्व कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल (एसएच1) व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में रजत पदक जीते। उन्होंने 236.7 का स्कोर किया और चीन के चाओ यांग (240.3) से पीछे रहे।
कोरिया के जियोंगडू जो ने व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य (214.7) हासिल किया। इस विश्व विजेता पैरा निशानेबाज ने रुद्रांश खंडेलवाल और संजीव गिरी के साथ मिल कर पी1 पुरुष टीम 10 मीटर एयर पिस्टल (एसएच1) स्पर्धा में रजत पदक जीता।

नरवाल क्वालीफिकेशन दौर में 574 अंक के साथ तीसरे स्थान पर थे। खंडेलवाल (564), गिरी (559) और सिंहराज (546) व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में पहुंचने में विफल रहे।
अन्य स्पर्धाओं में आर सात वर्ग में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (एसएच1) श्रेणी के भारतीय निशानेबाज फाइनल (शीर्ष आठ) में जगह बनाने में नाकाम रहे। इसमें राकेश निदागुंडी क्वालिफिकेशन दौर में 14वें स्थान के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय रहे।
आर आठ वर्ग में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन (एसएच1) के लिए, भारतीय पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता अवनी लेखरा 418.6 के अंतिम स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। मोना अग्रवाल 407.9 के स्कोर के साथ उनसे एक स्थान नीचे रहीं।