ऋषभ पंत की आईपीएल कप्तानी पर संशय, फिट हुए स्टार भारतीय विकेटकीपर
स्टार भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत फिट हो गए हैं। उनका आईपीएल में खेलना तय हो गया है। पंत दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे या नहीं, इस पर असमंजस है।
टीम मैनेजमेंट के एक सूत्र ने एक हिंदी अखबार को बताया है कि हेड कोच रिकी पोंटिंग के आने के बाद टीम मीटिंग के दौरान पंत की कप्तानी पर फैसला होगा। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।

एक अन्य सूत्र ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी पंत की कप्तानी पर क्लियरिटी नहीं है। इस पर फैसला अगले 4-5 दिनों में हो सकता है। दिल्ली के कोओनर पार्थ जिंदल ने कहा था कि ऋषभ पंत अगर फिट हुए तो कप्तान होंगे।
आईपीएल 22 मार्च से शुरू हो रहा है। दिल्ली कैपिटल्स 23 मार्च को मोहाली में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। पंत 2022 के दिसंबर में एक कार दुर्घटना का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हुए थे। तब से वह क्रिकेट से पूरी तरह बाहर हैं।
वह 14 महीने के लम्बे रिहैब और रिकवरी प्रोसेस के बाद फिट हुए। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें एक दिन पहले ही विकेटकीपिंग और बैटिंग करने के लिए फिट घोषित किया।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने पंत की वापसी पर कहा था कि वह प्रैक्टिस में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, अगर आईपीएल में वह विकेटकीपिंग कर सके तो हमारे वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा भी होंगे। देखते हैं कि वह आईपीएल में कैसा प्रदर्शन करते हैं। अगर पंत टी-20 वर्ल्ड कप खेल सकें तो हमारे लिए बहुत बड़ी बात होगी। वह हमारे लिए एक अहम खिलाड़ी हैं।
दिल्ली के लिए पंत क्यों अहम, समझे तीन बिन्दुओं में
टीम का मनोबल बढ़ेगा पंत एक बड़े हादसे से फाइटबैक कर आ रहे हैं, अगर वह दिल्ली की कप्तानी करते हैं तो टीम का मनोबल बढ़ेगा।
टॉप ऑर्डर को मजबूती देंगे, फिनिश भी कर सकते हैं पंत तेजी से रन बनाते हैं। वह टॉप ऑर्डर को और मजबूती दे सकते हैं या मिडिल-लोअर ऑर्डर में आकर पारी संभाल भी सकते हैं। वह बड़े हिट लगाने में माहिर हैं, ऐसे में टीम में फिनिशर की कमी को भी पूरा कर सकते हैं।
स्पॉन्सर और ब्रॉडकास्टर की डिमांड पंत पिछले सीजन इस लीग का हिस्सा नहीं रहे। वह 14 महीने से क्रिकेट से दूर हैं। ऐसे में फैंस उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी के स्पॉन्सर और ब्रॉडकास्टर्स चाहेंगे कि पंत बैटिंग, विकेटकीपिंग और कप्तानी करते दिखें।