Trending

राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी : हॉकी मिजोरम अंतिम आठ में

हॉकी मिजोरम ने 14वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हॉकी पंजाब को 4-2 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की कर ली। इस जीत से मिजोरम पंजाब, हिमाचल और राजस्थान से ऊपर पूल एफ में तीन मैच में तीन जीत से शीर्ष पर रही।

साभार : गूगल

मिजोरम के लिए लालरिनपुई ने छठे और नौवें मिनट में दो गोल दागे, कप्तान एच लालरूआटफेली ने 26वें और मारिना लालरामघाकी ने 54वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। हॉकी पंजाब के लिए तरणप्रीत कौर ने 35वें और राजविंदर कौर ने 51वें मिनट में गोल किये।

मिजोरम नॉकआउट राउंड में हॉकी मध्यप्रदेश, हॉकी महाराष्ट्र, हॉकी झारखंड, हॉकी हरियाणा, हॉकी ओडिशा और हॉकी बंगाल के साथ शामिल हो गयी। पूल जी से एक और टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंचेगी।

क्वार्टरफाइनल में मध्य प्रदेश का सामना बंगाल से, झारखंड का सामना मिजोरम से और हरियाणा का सामना ओडिशा की टीम से होगा। महाराष्ट्र की प्रतिद्वंद्वी का फैसला मंगलवार को होगा।

सोमवार को अन्य मैच में असम ने पुडुचेरी को 2-1 से हराया, गोवा ने चंडीगढ़ से 2-2 से ड्रा खेला। रविवार रात को पंजाब ने हिमाचल को 8-0 से, मणिपुर ने कर्नाटक को 3-0 से हराया था।