उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में क्रिकेटर केएल राहुल ने पूजा अर्चना की
आईपीएल 2024 से ठीक पहले भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर मंदिर गए, जहां उन्होंने महाकाल के दर्शन किए और पूजा अर्चना की।
वो जल्द ही आईपीएल में खेलते हुए नजर आएंगे। वे चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सिर्फ पहला मैच ही खेल पाए थे। इलाज के लिए लंदन गए और आईपीएल की तैयारी शुरू करने से पहले वे मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल लोक गए।

वे पहले भी महाकाल के दर्शन कर चुके हैं, उस समय वे अपनी पत्नी आथिया शेट्टी के साथ वहां गए थे। बता दें कि विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल इस बार महाकाल के दर्शन करने अपने माता-पिता के साथ पहुंचे। उन्होंने भस्म आरती में हिस्सा लिया और इसके बाद वहां से निकल गए।
वे जल्द लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ जुड़ने वाले हैं, टीम का पहला मैच जयपुर में है। ऐसे में माना जा रहा है कि केएल राहुल लखनऊ की बजाय सीधे जयपुर में टीम से जुड़ेंगे।
अब तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि केएल राहुल का प्लान क्या है और क्या उनको आईपीएल 2024 के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट मिल गया है? वे हाल ही में लंदन से लौटे हैं।