स्विस ओपन : भारत की ट्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद दूसरे दौर में
भारतीय महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद स्विट्जरलैंड के बेसल में स्विस ओपन 2024 के दूसरे दौर में पहुंच गईं। भारतीय शटलरों ने राउंड 32 में एनी जू और केरी जू की अमेरिकी जोड़ी को 21-15, 21-12 से हराकर जीत हासिल की।
हरिहरन अम्सकारुनन और रूबन कुमार रेथिनासाबापति के पुरुष युगल ने क्वालीफाइंग दौर में फ्रांसीसी जोड़ी नातान बेग्गा और बैप्टिस्ट लाबार्थे के खिलाफ 21-17, 21-15 से जीत दर्ज की।

स्विस ओपन के मिश्रित युगल में, बी सुमीथ रेड्डी और एन सिक्की रेड्डी ब्राजील के डेवी सिल्वा और सामिया लीमा को 21-12, 21-17 से हराकर मुख्य ड्रॉ में पहुंचे। रुतपर्णा पांडा-श्वेतापर्णा पांडा, अश्विनी भट्ट-शिखा गौतम और प्रिया कोन्जेंगबाम-श्रुति मिश्रा को अपने-अपने मुकाबलों में हार मिली।
भारत के समीर वर्मा और सतीश कुमार करुणाकरण ने क्वालीफाइंग दौर के पुरुष एकल स्पर्धा में अपना पहला मैच जीता, अपने दूसरे क्वालीफाइंग गेम में हार का सामना करने के बाद वे मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने में असफल रहे।
भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन बुधवार को क्रमशः महिला और पुरुष एकल स्पर्धा में स्विस ओपन 2024 में हिस्सा लेंगे। स्विस ओपन 2024 पेरिस ओलंपिक से पहले महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक प्रदान करेगा।