Trending

आईपीएल 2024 : 12 भाषाओं में जियो सिनेमा पर होगी कमेंट्री

जियो सिनेमा ने टाटा आईपीएल के लिए अपने विशेषज्ञों के पैनल में सुपरस्टारों को जगह दी है। आईपीएल इस वर्ष अंग्रेजी, हिंदी, मराठी, हरियाणवी, गुजराती, भोजपुरी, पंजाबी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ समेत 12 भाषाओं में उपलब्ध होगा।

साभार : गूगल

विश्व क्रिकेट के विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक वीरेंद्र सहवाग जियो सिनेमा पर नई पारी शुरू करने जा रहे हैं, जिसमें वह अपनी स्थानीय बोली हरियाणवी में कमेंट्री करेंगे। 2012 आईपीएल फाइनल के मैन ऑफ द मैच मनविंदर बिस्ला हरियाणवी फीड में सहवाग के साथ शामिल होंगे।

वायाकॉम 18 स्पोर्ट्स के हेड ऑफ कंटेंट सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि टाटा आईपीएल 2023 की हमारी गहन और व्यापक प्रस्तुति के लिए हमें जो प्रतिक्रिया मिली वह उत्साहजनक थी और हम टाटा आईपीएल 2024 के लिए अपने नवाचारों को दोगुना कर रहे हैं।

अजय जडेजा गुजराती भाषा विशेषज्ञ के रूप में अपनी शुरुआत करेंगे। भारत के पूर्व कप्तान और एमआई एमिरेट्स के बल्लेबाजी कोच हिंदी और हैंगआउट फ़ीड में दिखाई देंगे। बंगाली कमेंट्री बॉक्स में सुभोमोय दास, श्रीवत्स गोस्वामी, अनुस्तुप मजूमदार और क्रिकेटर झूलन गोस्वामी मौजूद रहेंगे।

अभिनेता रवि किशन, मोहम्मद सैफ, शिवम सिंह, सत्य प्रकाश और गुलाम हुसैन भोजपुरी भाषा में कमेंट्री करेंगे। तेलुगु में हनुमा विहारी, वेंकटपति राजू और अक्षत रेड्डी सहित अन्य लोग कॉमेंट्री करेंगे।

विशेषज्ञ पैनल के अलावा, प्रसारक इस साल 18 फ़ीड पेश करेगा, जिसमें पिछले साल के लोकप्रिय इनसाइडर और हैंगआउट फ़ीड के साथ-साथ हीरो कैम और वायरल वीकेंड जैसे नए फीचर्स होंगे।