स्विस ओपन : सिंधु, श्रीकांत और लक्ष्य पहले दौर में जीते
ओलंपिक में दो बार की पदक विजेता पीवी सिंधु, पूर्व चैंपियन किदांबी श्रीकांत और अच्छी फॉर्म में चल रहे लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते ही स्विस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के दूसरे दौर में एंट्री ली।
यहां 2022 में खिताब जीतने वाली सिंधु ने थाईलैंड की पोर्नपिचा चोइकेवोंग को 21-12, 21-13 से हराकर दूसरे दौर में जापान की तोमोका मियाज़ाकी से मैच पक्का किया।

श्रीकांत ने चीनी ताइपे के विश्व में 24वें नंबर के खिलाड़ी वांग जु वेइ को 43 मिनट तक चले मैच में 21-17 21-18 से हराया। श्रीकांत की अपने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सात मुकाबलों में यह छठी जीत है। उनका अगला मैच मलेशिया के शीर्ष वरीयता प्राप्त ली जी जिया से होगा।
लक्ष्य सेन ने मलेशिया के लियोंग जुन हाओ को 62 मिनट तक चले मैच में 21-19 15-21 21-11 से हराया। वह अगले मैच में चीनी ताइपे के चिया हाओ ली से भिड़ेंगे।
तनीषा क्रैस्टो और अश्विनी पोनप्पा ने पहले दौर के मैच में इंडोनेशिया की मेइलिसा ट्रायस पुस्पिटासारी और राचेल एलेस्या रोज़ को 21-18, 12-21, 21-19 से हराया। उनका अगला मैच जापान की रुई हिरोकामी और युना काटो से होगा।
प्रिया कोनजेंगबाम और श्रुति मिश्रा ने चीनी ताइपे की हुआंग यू हसुन और लियांग टिंग यू को 21-13, 21-19 से हराया। त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी अमेरिका के एनी शू और कैरी शू को सीधे गेम में हराकर महिला युगल वर्ग के दूसरे दौर में पहुंच गई।
पिछले सप्ताह आल इंग्लैंड ओपन से पहले दौर में बाहर हुई भारतीय जोड़ी ने 39 मिनट में 21-15, 21- 12 से जीत दर्ज की। महिला युगल में तीन अन्य भारतीय जोड़ियों को पहले दौर में हार मिली।
अश्विनी भट और शिखा गौतम को चौथी वरीयता प्राप्त हांगकांग की युंग एंगा तिंग और युंग पुइ लाम ने 21-13, 16-21, 21-14 से हराया।
रितुपर्णा पांडा और श्वेतापर्णा पांडा को शीर्ष वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया की अप्रियानी राहायु और सिति फादिया सिल्वा रामाधंती ने 21-4, 21- 6 से हराया। सिमरन सिंघी ओर रितिका ठाकेर को इंडोनिशया की त्रिया मायासारी और रिबका सुगिआर्तो ने 21-17, 21-7 से हराया।