Trending

आईपीएल : बेंगलुरु में होने वाले मैचों के लिए सीवेज प्लांट के पानी का होगा इस्तेमाल

बेंगलुरु में जल संकट का असर आईपीएल के मैचों पर नहीं पड़ेगा। कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन ने मंगलवार को कहा कि बेंगलुरु में पानी के संकट का असर आईपीएल मैचों पर नहीं पड़ेगा, चिन्नास्वामी स्टेडियम के सीवेज प्लांट का पानी मैदान के आउटफील्ड और पिच के लिए उपयोग किया जाएगा।

बेंगलुरु जल आपूर्ति और सीवेज बोर्ड ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन मैनेजमेंट बोर्ड के अनुरोध पर यह फैसला लिया। इससे पहले, कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन ने पानी के संकट को लेकर चिंता जताई थी।

साभार : गूगल

बीसीसीआई ने आईपीएल 2024 के शुरुआती 21 मैचों का शेड्यूल जारी किया है। इस दौरान 3 मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने हैं। यहां पहले चरण के तीन मैच 25, 29 मार्च और 2 अप्रैल को होंगे।

आम चुनाव के कारण इस सीजन का पूरा शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। इस सीजन का पहला मैच 22 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच चेपॉक स्टेडियम में होगा।

पहले फेज में 22 मार्च से 7 अप्रैल तक का शेड्यूल जारी घोषित हुआ है। इस दौरान 17 दिन में 21 मैच खेले जाएंगे, इनमें 4 डबल हेडर (एक दिन में दो मुकाबले) होंगे।

देश के आईटी हब बेंगलुरु के 40% बोरवेल सूख चुके हैं। ग्राउंड वाटर 1800 फीट से नीचे चला गया है। पानी के टैंकर्स के दाम दोगुने हो गए हैं, वो भी बड़ी मिन्नतों के बाद मिल पा रहे हैं। कर्नाटक सरकार ने 240 तालुकों में से 223 को सूखा घोषित किया है। इनमें से 196 को गंभीर रूप से सूखा प्रभावित बताया गया है।

राज्य के जल संसाधन मंत्री शिवकुमार ने बताया कि हालात पर कंट्रोल करने के लिए पानी की आपूर्ति टैंकरों से हो रही है। प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि पानी की बर्बादी न हो। बेंगलुरु महानगर पालिका और बेंगलुरु जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड इस संबंध में सभी प्रयास कर रहे हैं।