स्विस ओपन : किदांबी श्रीकांत और प्रियांशु राजावत अंतिम आठ में
किदांबी श्रीकांत और प्रियांशु राजावत स्विस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं। श्रीकांत ने 10वें नंबर के खिलाड़ी मलेशियाई ली जी जिया को 36 मिनट में 21-16, 21-15 से हराया।
राजावत ने दुनिया के 33वें नंबर के खिलाड़ी चीन के लेई लांक्सी को 21-14, 21-13 से हराया। राजावत ने पहले दौर में हांगकांग के विश्व नंबर 14 ली चेउक यियू के खिलाफ बाजी मारी थी।

श्रीकांत का अगला मुकाबला चीनी ताइपे के चिया हाओ ली से होगा, जिन्होंने लक्ष्य सेन को 21-17, 21-15 से हराकर बाहर कर दिया। राजावत का मुकाबला ताइपे के एक अन्य शटलर चाउ टीएन चेन से होगा।
पुरुष शटलर किरण जॉर्ज ने एलेक्स लैनियर पर 18-21, 22-20, 21-18 से जीत के बाद क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उनका अगला मुकाबला डेनमार्क के रासमस गेम्के से होगा।
पीवी सिंधु का सफ़र जापान की टोकोमा मियाजाकी से हारकर प्री-क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। सिंधु को जापानी शटलर के खिलाफ एक घंटे और 19 मिनट तक चले मैच में 21-16, 19-21,16-21 से हार का सामना करना पड़ा। यह उनकी 16वें दौर में दूसरी हार थी। पिछले सप्ताह ऑल इंग्लैंड ओपन में भारतीय खिलाड़ी को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा था।