Trending

आईपीएल : ऋषभ पंत 15 महीने बाद क्रिकेट में करेंगे वापसी

आईपीएल का दूसरा मैच आज खेला जाना है। पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच दोपहर में होने वाले इस मैच में कई बातें खास होंगी। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत 15 महीने के बाद क्रिकेट में लौट रहे हैं।

फैन्स उम्मीद कर रहे होंगे कि पंत के शानदार कमबैक से प्रेरित होकर दिल्ली की टीम आईपीएल जबरदस्त ढंग से वापसी करे और खिताब की तरफ कदम बढ़ाए। दूसरी तरफ वह मैदान भी चर्चा में है, जहां यह मैच खेला जाना है।

साभार : गूगल

बता दें कि यह मैच खेला जाएगा, मुल्लनपुर में बने नए स्टेडियम में, जो पंजाब किंग्स का इस साल होम ग्राउंड होगा। सबसे पहले बात ऋषभ पंत की। मौत के मुंह से वापस आकर फिर मैदान तक पहुंचने की उनकी जर्नी किसी चमत्कार से कम नहीं है।

चाहे एक्सपर्ट्स हों या फैन्स, क्रिकेट से जुड़े हर एक शख्स पंत की वापसी का बेताबी से इंतजार कर रहा है। सभी की नजर इस बात पर होगी कि क्या ऋषभ पंत अपने पुराने अंदाज को कायम रख पाएंगे। खुद दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग भी इसको लेकर बेताब हैं।

पोंटिंग ने पंत की वापसी को एक अद्भुत कहानी करार दिया है। पोंटिंग का कहना है कि क्रिकेट के लिए दीवाने इस देश को ऋषभ पंत की प्रेरणादायक वापसी पर गर्व होना चाहिए।

दिल्ली के कोच रिकी पोंटिंग ने पंत की रिकवरी की पूरी कहानी बयान की है। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने कहा कि जब पिछले साल आईपीएल के दौरान मैं उससे मिला था तो वह बैसाखियों पर था। इसके बाद उससे दूसरी मुलाकात कोलकाता में हुई थी।

उस वक्त उसने चलना शुरू किया था और जागिंग शुरू करने वाला था। फिर कैंप की शुरुआत में पंत से मेरी मुलाकात हुई। आज देखिए वह कहां है।

अगर पिछले सीजन की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिए यह कुछ खास नहीं रहा था। डीसी की टीम 14 में से पांच मैच ही जीत पाई थी और पॉइंट्स टेबल में यह नौवें स्थान पर थी। यहां तक कि टीम के स्टार प्लेयर्स भी कुछ खास नहीं कर सके थे।

मोहाली स्थित मुल्लनपुर स्टेडियम का नाम महाराजा यदवींद्र सिंह स्टेडियम है। यह पंजाब किंग्स का होम ग्राउंड होगा। इसकी नींव साल 2008 में पड़ी थी। पंजाब टीम का होम ग्राउंड आईएस बिंद्र स्टेडियम मोहाली हुआ करता था।

अगर मुल्लनपुर स्टेडियम की बात करें तो इसकी दर्शक क्षमता तकरीबन 33000 है। अभी तक इसमें कोई बड़ा मैच नहीं खेला गया है और पंजाब व दिल्ली के बीच का मुकाबला इसका पहला बड़ा मैच होगा।

पंजाब के कप्तान शिखर धवन ने भी इस स्टेडियम को लेकर काफी उत्साह दिखाया है। धवन ने कहा कि नया होम ग्राउंड उनके लिए लकी चार्म होगा।