कप्तान सुनील छेत्री के 150 अंतर्राष्ट्रीय मैच पूरे
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने पुरुष राष्ट्रीय टीम होटल में सुनील छेत्री से मुलाकात की और कप्तान को सीनियर टीम के लिए उनकी 150वीं उपस्थिति पर बधाई दी.

एआईएफएफ अध्यक्ष ने सुनील छेत्री को मौजूदा टीम के सभी प्लेयर्स और स्टाफ सदस्यों द्वारा साइन की हुई जर्सी भेंट की. चौबे ने एआईएफएफ.कॉम को बताया, ‘जैसा कि मैंने सुनील से कहा, इस गौरवपूर्ण क्षण को और यादगार बनाने के लिए, भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर में जीत हासिल करने में सक्षम होना चाहिए.
यह न सिर्फ सुनील के लिए बल्कि सभी के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा. हम, चाहते हैं कि भारतीय फुटबॉल तीव्र गति से आगे बढ़े’. छेत्री ने एआईएफएफ प्रमुख का उनके इन शब्दों के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि वह और उनके साथी भारतीय टीम को विश्व कप क्वालीफायर के तीसरे दौर में ले जाने के लिए सब कुछ करेंगे.