Trending

आईपीएल : शिवम दुबे का अर्धशतक, सीएसके की दूसरी जीत

आईपीएल के 7वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स ने गुजरात टाइटंस को 63 रन से हराकर इस सत्र की दूसरी जीत दर्ज की है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 6 विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 8 विकेट पर 143 रन बना सकी।

सीएसके को रुतुराज गायकवाड़ (46) और रचिन रविंद्र (46) ने जोरदार शुरुआत दिलाई। मध्यक्रम में शिवम दुबे (51) ने अर्धशतकीय पारी खेली और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। जवाब में गुजरात ने 34 रन तक 3 विकेट खो दिए। सीएसके की उम्दा गेंदबाजी के चलते गुजरात लक्ष्य से दूर रही।

Credits : Espncricinfo

गुजरात से साई सुदर्शन ने 37 रन बनाए। आईपीएल में दूसरा मैच खेल रहे रविंद्र ने जोरदार पारी खेली। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों की धुनाई की। वह अपने आईपीएल करियर के पहले अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 20 गेंदों पर 46 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सीएसके ने पॉवरप्ले ओवर्स में 69/1 का स्कोर बनाया। जब टीम ने 104 रन पर दूसरा विकेट गंवाया था, तब दुबे क्रीज पर आए। उन्होंने विपक्षी स्पिनर साई किशोर के खिलाफ शुरुआती 2 गेंदों पर छक्के लगाकर अपने इरादे जाहिर किए।

स्पिनरों की खूब धुनाई करने वाले इस ऑलराउंडर ने तेज गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 23 गेंदों पर 51 रन बनाकर आउट हो गए, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

रिद्धिमान साहा ने विकेटकीपिंग करते हुए 2 स्टम्पिंग की। यह तीसरा मौका है, जब साहा ने आईपीएल के किसी एक मैच में 2 स्टम्पिंग की है। इससे पहले उन्होंने 2017 (पंजाब किंग्स से) और 2022 में भी 2-2 स्टम्पिंग की हैं।

सीएसके से तुषार देशपांडे ने 2 विकेट झटके और इस बीच उन्होंने अपने टी-20 क्रिकेट करियर के 100 विकेट पूरे किए। उन्होंने 5.20 की इकॉनमी रेट से अजमतुल्लाह उमरजई और डेविड मिलर के विकेट चटकाए। उन्होंने आईपीएल करियर में 25 मैच खेले हैं, जिसमें 32.85 की औसत से 27 विकेट झटके।

देशपांडे के अलावा दीपक चाहर ने भी 2 विकेट झटके। उन्होंने अपने 4 ओवर में 27 विकेट लिए। सीएसके ने आईपीएल में 29 बार 200 से अधिक रन का स्कोर किया है। उनके बाद आरसीबी ने 24 और मुंबई ने 21 बार लीग में 200 से अधिक रन का स्कोर दर्ज किया है।