आईपीएल : स्लो ओवर रेट, गुजरात के कप्तान शुभमन गिल पर 12 लाख रुपये जुर्माना
आईपीएल 2024 में पहली बार किसी टीम के कप्तान पर जुर्माना लगाया है। मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच हुए मैच में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने बड़ी गलती की। इसकी वजह से उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
सीएसके के खिलाफ उनको स्लो ओवर रेट को दोषी पाया गया। ये उनका पहला अपराध है और इस वजह से उनको 12 लाख रुपये जुर्माने के तौर पर भरने होंगे। गुजरात का ये सीजन का दूसरा ही मैच है।

आईपीएल से जारी आधिकारिक मीडिया रिलीज में बताया गया है कि गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल पर 26 मार्च को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2024 मैच के दौरान धीमी ओवर गति (स्लो ओवर रेट) बनाए रखने के बाद जुर्माना लगाया गया है।
गुजरात टाइटन्स ने समय रहते गेंदबाजी में 20वें ओवर की शुरुआत नहीं की थी। इसी वजह से उन पर ये जुर्माना लगा है। मैच में उनको सजा मिली थी, क्योंकि आखिरी ओवर के दौरान 30 गज के दायरे के बाहर चार ही खिलाड़ी थे।
समय रहते 20वां ओवर फेंका जाता तो कप्तान शुभमन गिल को अनुमति होती कि वे 30 गज के दायरे के बाहर पांच खिलाड़ियों को रख सकते थे। हालांकि, आखिरी ओवर में सीएसके ने सिर्फ 8 ही रन बनाए थे।
गुजरात टाइटन्स का ये दूसरा मैच था और दूसरे ही मैच में स्लो ओवर रेट का पहला अपराध कप्तान शुभमन गिल ने कर दिया। अगर वे दूसरी बार इसके दोषी पाए जाते हैं तो उन पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगेगा।
टीम के बाकी सभी खिलाड़ियों पर 6-6 लाख या मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगेगा। तीसरी बार स्लो ओवर रेट के कारण कप्तान पर 30 लाख का जुर्माना और एक लीग मैच का बैन लगेगा। बाकी खिलाड़ियों पर 12-12 लाख या मैच फीस का 50 फीसदी जुर्माना लगेगा।