स्पेन मास्टर्स : सिक्की-सुमित सेमीफाइनल में, सिंधु की हार
भारत की पीवी सिंधु कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद मैड्रिड स्पेन मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की सुपानिदा केटथोंग के खिलाफ हार के साथ बाहर हो गईं।
पिछले साल इस टूर्नामेंट की उप विजेता रहीं सिंधु ने पहले गेम में कई गेम प्वाइंट बचाए, इसके बावजूद उन्हें थाईलैंड की छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने 24-26 21-17 22-20 से हरा दिया।

एन सिक्की रेड्डी और बी सुमित रेड्डी ने रेहान नोफल कुशारजंतो और लिसा आयु कुसुमावती की इंडोनेशिया की चौथी वरीय जोड़ी को 14-21 21-11 21-17 से हराकर मिश्रित युगल सेमीफाइनल में जगह बनाई।
तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा की तीसरी वरीय महिला युगल जोड़ी को क्वार्टर फाइनल में ली चिया सिन और टेंग चुन सुन की चीनी ताइपे की छठी वरीय जोड़ी के खिलाफ 13-21 19-21 से हार का सामना करना पड़ा।
सिंधु ने दुनिया की 17वें नंबर की खिलाड़ी सुपानिदा के खिलाफ आठ में से पांच मैच जीते हैं और दोनों प्लेयर्स के बीच पिछले दो साल में कुछ रोमांचक मुकाबले खेले गए हैं।
सिंधु की शुरुआती धीमी रही और वह जल्द ही 3-7 से पिछड़ गईं। भारतीय खिलाड़ी ने वापसी करते हुए स्कोर 14-10 किया, सुपानिदा ने एक बार फिर लय हासिल की और सिंधु के नेट पर शॉट मारने पर दो गेम प्वाइंट हासिल किए।
सिंधु ने लगातार दो स्मैश के साथ बराबरी हासिल की। सिंधू ने इसके बाद गेम प्वाइंट हासिल किया, नेट पर गलती करके गेम जीतने का मौका गंवा दिया। इसके बाद स्कोर 23-23 और फिर 24-24 हुआ। सुपानिदा ने रैली के बाद बाहर शॉट मारकर सिंधु को गेम प्वाइंट दिया और थाईलैंड की खिलाड़ी ने नेट पर चूक करके गेम भारतीय खिलाड़ी की झोली में डाला।
दूसरे गेम में सुपानिदा ने बेहतर प्रदर्शन किया और उन्हें इसे जीतकर मुकाबले को तीसरे और निर्णायक गेम में खींचने में दिक्कत नहीं हुई। तीसरे गेम में सिंधु ने बेहतर शुरुआत करते हुए 10-5 की बढ़त बनाई, सुपानिदा ने लगातार पांच अंक के साथ वापसी करते हुए 14-12 की बढ़त बना ली।
थाईलैंड की खिलाड़ी ने पांच मैच प्वाइंट हासिए किए। सिंधु ने वापसी करते हुए पांचों अंक बचाकर स्कोर 20-20 कर दिया, इसके बाद दो सहज गलतियां करके मैच गंवा दिया।