Trending

आईपीएल : कोहली के कमाल पर भारी वेंकटेश व सुनील नरेन का धमाल, केकेआर की जीत

आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 7 विकेट से हराकर दूसरी जीत दर्ज की है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली (83) की पारी से 6 विकेट पर 182 रन बनाया।

जवाब में केकेआर ने वेंकटेश अय्यर के अर्धशतक (50) से 17वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आरसीबी को फाफ डु प्लेसिस (8) के विकेट जाने के बाद कोहली और कैमरून ग्रीन (33) ने संभाला। इस जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की।

Credits : Espncricinfo

आखिरी ओवरों में दिनेश कार्तिक ने 8 गेंदों पर 20 रन बनाकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया। जवाब में सुनील नरेन (47) और फिल साल्ट (30) ने पहले विकेट के लिए 87 रन जोड़े। वेंकटेश (50) और श्रेयस अय्यर (39) ने टीम को जीत दिलाई।

कोहली के आईपीएल में 241 छक्के हो गए हैं। वह आरसीबी से आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने क्रिस गेल रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने आरसीबी का प्रतिनिधित्व करते हुए 239 छक्के लगाए हैं।

इस सूची में एबी डिविलियर्स तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने आरसीबी की जर्सी में 238 छक्के लगाए हैं। कोहली ने लीग में छक्के लगाने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी (239) को पीछे छोड़ा है। कोहली अब किसी एक मैदान पर सर्वाधिक टी-20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम में 3,250 से अधिक रन बना लिए हैं।

उन्होंने बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने मीरपुर में 3,238 टी-20 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स ने ट्रेंट ब्रिज में 3,036 रन और बांग्लादेश के तमीम इकबाल ने मीरपुर में 3,020 रन बनाए हुए हैं। इनके अलावा कोई भी 3,000 रन का आंकड़ा नहीं पार कर सका है।

आंद्रे रसेल ने अपने 4 ओवर में 29 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए। आरसीबी की पारी के दौरान अपना दूसरा विकेट लेते ही उनके आईपीएल में 100 विकेट पूरे हो गए।

साथ ही वह इस लीग में 100 विकेट लेने और 2,000 रन बनाने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। रसेल केकेआर से दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस टीम में उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ सुनील नरेन ने लिए हैं।

आरसीबी ने कुल 11 छक्के लगाए और इस बीच आईपीएल इतिहास में 1,500 छक्के मारने वाली सिर्फ दूसरी टीम बन गई। लीग इतिहास में सर्वाधिक छक्के जड़ने का रिकॉर्ड मुंबई टीम के नाम दर्ज है। इस टीम ने अब तक 1,575 छक्के जड़ दिए हैं।

नरेन ने अपने टी-20 करियर का 500वां मैच खेला। वह किरोन पोलार्ड (660), ड्वेन ब्रावो (573) और शोएब मलिक (542) के बाद ये आंकड़ा छूने वाले विश्व के कुल चौथे खिलाड़ी बने। इस मैच में उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 22 गेंदों में 47 रन का योगदान दिया। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के भी लगाए।

इससे पहले अपनी गेंदबाजी में उन्होंने 1 विकेट लिया था। वेंकटेश ने अपने आईपीएल करियर का 8वां अर्धशतक 29 गेंदों पर पूरा किया। वह 30 गेंदों पर 50 रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए।

उन्होंने अपनी इस अर्धशतकीय पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। उनके अब आईपीएल में 38 मैचों में 28.14 की औसत और 131.73 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,013 रन बनाए हैं। वह इस लीग में एक शतक लगा चुके हैं।