Trending

विराट और गंभीर के इस अंदाज ने फैंस को किया सरप्राइज

आईपीएल के 10वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू को 7 विकेट से हराया। ये केकेआर की दूसरी जीत है। टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई। आरसीबी की ये तीन मैच में दूसरी हार रही। इस मैच में जितनी चर्चा केकेआर की जीत की नहीं हो रही, उससे ज्यादा बातें तो विराट कोहली और गौतम गंभीर को लेकर हो रही।

पिछले आईपीएल में कोहली और गंभीर के बीच मैदान पर जो हुआ था, वो हर क्रिकेट फैन को याद होगा। आरसीबी और केकेआर के बीच मैच के बाद ये दोनों जिस अंदाज में मिले,उसने फैंस को जरूर सरप्राइज कर दिया।

साभार : गूगल

आरसीबी की पारी के 16वें ओवर के खत्म होने के बाद स्ट्रैटजिक टाइम आउट लिया गया था। इसी दौरान केकेआर के मेंटॉर गौतम गंभीर अपने प्लेयर्स से रणनीति को लेकर बात कर रहे थे।

कोहली साथी खिलाड़ी से बातचीत करने में मशगूल थे। तभी गंभीर उनके पास आते हैं और फैंस को ऐसा ही लगा होगा कि कहीं पिछले आईपीएल की तरह दोनों के बीच कोई पंगा ना हो जाए। हुआ इसका ठीक उल्टा।

गौतम गंभीर पहले विराट कोहली से हाथ मिलाते हैं और उनके गले लग जाते हैं। इस दौरान दोनों के बीच कुछ बात भी होती और चेहरे पर मुस्कुराहट आ जाती है। कमेंट्री कर रहे रवि शास्त्री भी इस देख खुद को रोक नहीं पाए।

उन्होंने कहा कि देखकर अच्छा लगा..विराट कोहली, गौतम गंभीर। मैच खत्म होने के बाद भी कोहली और गंभीर गले मिले थे। बता दें कि पिछले साल आईपीएल के दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स और आरसीबी के बीच हुए मैच के दौरान विराट कोहली का लखनऊ के पेसर नवीन उल हक से विवाद हो गया था।

कोहली-नवीन की लड़ाई में तब लखनऊ के मेंटॉर गंभीर की एंट्री हो गई थी। गंभीर और कोहली के बीच मैदान पर जमकर कहासुनी हुई थी। उस झगड़े के बाद गंभीर और कोहली पर मैच फीस का 100 फीसदी जुर्माना लगाया गया था। नवीन की 50 फीसदी मैच फीस काटी गई थी।