धाकड़ बल्लेबाज बाबर आजम संभालेंगे पाक टीम की कमान
धाकड़ बल्लेबाज बाबर आजम को पाकिस्तान टीम का कप्तान बनाया गया है। वे व्हाइट बॉल क्रिकेट में टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी से कप्तानी छीन ली गई है।
वे टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए कप्तान बनाये गए थे, अब जब बाबर आजम को कप्तानी दी गई है तो शाहीन शाह अफरीदी एक गेंदबाज के रूप में खेलेंगे। ये स्पष्ट नहीं है कि क्या शाहीन को उपकप्तान बनाया गया है या नहीं। टेस्ट कप्तानी का जिम्मा शान मसूद के कंधों पर ही रहने वाला है।

पाक क्रिकेट बोर्ड ने रविवार 31 मार्च को सोशल मीडिया से इसकी जानकारी दी है कि बाबर आजम व्हाइट बॉल टीम के कप्तान नियुक्त किए गए हैं।
पीसीबी ने इसका आधिकारिक ऐलान करते हुए कहा है, “पीसीबी की चयन समिति की सर्वसम्मत सिफारिश के बाद, पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने बाबर आजम को पाकिस्तान पुरुष क्रिकेट टीम का सफेद गेंद (वनडे और टी20ई) कप्तान नियुक्त किया है।
वर्ल्ड कप 2023 के बाद बाबर आजम से कप्तानी छीन ली गई थी, कुछ ही महीनों के बाद उनको फिर से कप्तान पद की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। अप्रैल में वे कार्यभार संभालेंगे।
पाकिस्तान मीडिया की मानें तो जब शाहीन शाह अफरीदी को ये बताया गया था कि बाबर आजम को कप्तान बनाया जा रहा है तो उन्होंने एक ही सवाल बोर्ड से किया था कि उन्होंने क्या गलती की है? शाहीन अफरीदी ने न्यूजीलैंड के दौरे पर टीम की कप्तानी की, जहां टीम को हार मिली, सिर्फ एक सीरीज के नतीजे के आधार पर कप्तान को बदलना कितना सही है? ये बड़ा सवाल सभी के लिए है। शाहीन शाह अफरीदी के इस सवाल का जवाब बोर्ड के पास नहीं था। बावजूद इसके उनसे टी20 टीम की कप्तानी छीन ली गई।