Trending

आईपीएल : डेविड वार्नर व ऋषभ पंत का अर्धशतक, दिल्ली कैपिटल्स की पहली जीत

आईपीएल के 13वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 20 रन से हराते हुए सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 191 रन बनाया। जवाब में सीएसके 6 विकेट पर 171 रन ही बना सकी। ये मौजूदा सीजन में सीएसके की पहली हार है।

Credits : Espncricinfo

दिल्ली को पृथ्वी शॉ (43) और डेविड वार्नर (52) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। कप्तान ऋषभ पंत ने अर्धशतक (51) लगाए और टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। सीएसके से मथीशा पथिराना ने 3 विकेट झटके। जवाब में सीएसके को रुतुराज गायकवाड़ (1) और रचिन रविंद्र (2) के रूप में झटके लगे। अजिंक्य रहाणे (45) और डेरिल मिचेल (34) ने उम्दा पारी खेली, जीत नहीं दिला सके।

वार्नर ने अपने आईपीएल करियर का 62वां अर्धशतक लगाया। इस बीच उन्होंने आईपीएल में अपने 6,500 रन बनाए हैं। उनसे पहले यह कारनामा कोहली और धवन कर चुके हैं। कोहली ने 240 मैच की 232 पारियों में 37.78 की औसत और 130.27 की स्ट्राइक रेट से 7,444 रन बनाए हैं।

धवन ने 220 मैच की 219 पारियों में 35.54 की औसत और 127.28 की स्ट्राइक रेट से 6,754 रन बनाए हैं। वार्नर ने अपनी इस पारी के दौरान टी-20 क्रिकेट में 110वीं बार 50+ का स्कोर बनाया। उन्होंने इसी के साथ सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले क्रिस गेल (110) की बराबरी कर ली है।

तीसरे स्थान पर कोहली (101) और चौथे स्थान पर बाबर आजम (98) हैं। जोस बटलर ने 86 बार यह कारनामा किया है। अपनी इस पारी के दौरान वार्नर सीएसके के खिलाफ 500 गेंद खेलने वाले पहले विदेशी बल्लेबाज भी बने हैं।

वार्नर आईपीएल में सीएसके के खिलाफ संयुक्त रूप से सर्वाधिक अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में कोहली और धवन की बराबरी कर ली है। तीनों के सीएसके के खिलाफ अब 9-9 अर्धशतक हो गए हैं।

पंत ने कमजोर गेंदों पर आकर्षक शॉट लगाए और 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वह अपनी पारी में 32 गेंदों में 159.38 की स्ट्राइक रेट 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के भी जड़े। अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने मिचेल मार्श (18) के साथ मिलकर 31 रन की साझेदारी निभाई। यह उनके आईपीएल करियर का 16वां और इस सीजन का पहला अर्धशतक रहा

रहमान ने अपने 4 ओवर में 47 रन देते हुए 1 सफलता हासिल की। उन्होंने 11.75 की इकॉनमी रेट से रन लुटाए। इस बीच उन्होंने टी-20 क्रिकेट करियर में अपने 300 विकेट पूरे किए।

दिल्ली के बल्लेबाज वार्नर उनका 300वां शिकार बने। वह बांग्लादेश की ओर से विकेटों का तिहरा शतक (टी-20 में) लगाने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले शाकिब अल हसन (482 विकेट) ऐसा कर चुके हैं।

आईपीएल में सीएसके के शुरुआती 2 मैचों में धोनी को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था। आज इस सीजन में पहली बार मौका मिला, जिसमें उन्होंने 16 गेंदों में नाबाद 37 रन (छक्के- 3, चौके- 4) बनाए और हार के अंतर को कम किया।