सुमित नागल करियर की सर्वोच्च 95वीं एटीपी रैंकिंग पर पहुंचे
भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने हाल के दिनों में प्रभावशाली प्रदर्शन के चलते एटीपी एकल रैंकिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ 95वीं रैंकिंग हासिल की। नागल की इससे पहले सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 97 थी। उन्होंने यह रैंकिंग फरवरी में एटीपी चैलेंजर स्तर की टूर्नामेंट चेन्नई ओपन जीतने के बाद हासिल की थी।
नागल ने जनवरी में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के मुख्य ड्रॉ में जगह बना कर सुर्खियां बटोरी थी। वह इस टूर्नामेंट में वरीयता प्राप्त खिलाड़ी (कजाकिस्तान के अलेक्जेंडर बुब्लिक) को हराने वाले पहले भारतीय भी बने, दूसरे दौर में चीन के शांग जुनचेंग से हारकर बाहर हो गए थे।

चेन्नई ओपन जीत के बाद उन्होंने एटीपी 500 प्रतियोगिता (दुबई चैंपियनशिप) और एटीपी 1000 मास्टर्स (इंडियन वेल्स और मियामी) के अलावा दो अन्य चैलेंजर टूर्नामेंट भी खेले। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बेंगलुरु चैलेंजर के सेमीफाइनल में पहुंचना रहा।
नागल मौजूदा समय में मोरक्को के मराकेश में एक एटीपी 250 स्तर की टूर्नामेंट ‘ग्रैंड प्रिक्स हसन दो’ की तैयारी कर रहे हैं, जहां वह शुरुआती दौर में फ्रांस के कोरेंटिन मौटेट से भिड़ेंगे।