भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने हासिल किया पेरिस ओलंपिक का टिकट
भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने पेरिस ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया है। उन्होंने आईडब्ल्यूएफ विश्व कप में महिलाओं के 49 किग्रा भार वर्ग के ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर रहकर पेरिस ओलंपिक में जगह पक्की की। यह उनका तीसरा ओलंपिक होगा।
चोटिल होने के चलते छह महीने बाद लौटने वालीं मीराबाई ने 184 किग्रा (81 किग्रा और 103 किग्रा) भार उठाया। यह पेरिस ओलंपिक के लिए अंतिम और अनिवार्य क्वालीफायर टूर्नामेंट है।

अपनी स्पर्धा पूरी होने के साथ ही मीराबाई ने पेरिस ओलंपिक के लिए तय मानदंड पूरे कर लिए जिनमें दो अनिवार्य टूर्नामेंट और तीन अन्य क्वालीफायर में हिस्सा लेना शामिल हैं। मीराबाई वर्तमान में महिलाओं की 49 किग्रा ओलंपिक क्वालिफिकेशन रैंकिंग (ओक्यूआर) में चीन की जियान हुईहुआ के बाद दूसरे स्थान पर हैं।
क्वालीफाई करने वाले प्लेयर्स का आधिकारिक ऐलान विश्व कप के समापन के बाद होगा जब ओक्यूआर अपडेट होगा। प्रत्येक भार वर्ग से शीर्ष 10 भारोत्तोलक पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगे।
मीराबाई ने इससे पहले आखिरी बार पिछले साल सितंबर में एशियाई खेलों में हिस्सा लिया था जहां वह चोटिल हुई थीं। वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाईं लेकिन उन्होंने पांच बार वजन उठाने में कोई गलती नहीं की।
स्नैच और क्लीन एवं जर्क में वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब नहीं पहुंच पाईं। इस 29 वर्षीय खिलाड़ी का स्नैच में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 88 किग्रा है, जब उन्होंने 2021 में एशियाई चैंपियनशिप में क्लीन एंड जर्क में 119 किग्रा का तत्कालीन विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
वह चोट से उभरी हैं और जुलाई तक उनके अपने चरम पर पहुंचने की संभावना है। मीराबाई पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाली अकेली भारतीय भारोत्तोलक होंगी।