द्वितीय तारा देवी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट : द क्रिएटर्स क्लब सेमीफाइनल में
लखनऊ। मैन ऑफ द मैच अमन सिंह (4 विकेट, 40 रन) के आलराउंड खेल से द क्रिएटर्स क्रिकेट क्लब ने द्वितीय तारा देवी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे क्वार्टर फाइनल में इंटरनेशनल स्पोर्ट्स क्लब को 1 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
जीत में अमन सिंह चमके, रोमांचक मैच में इंटरनेशनल स्पोर्ट्स क्लब की 1 विकेट से हार
गियर क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में इंटरनेशनल स्पोर्ट्स क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन निर्धारित 40 ओवर के मैच में टीम 34.3 ओवर में 165 रन ही बना सकी। टीम को शुरू में ही तब झटका लगा जब चौथे ओवर में 18 रन के कुल स्कोर पर शुरुआती दो बल्लेबाज आउट हो गए। इसके बाद 35 रन पर आधी टीम पवैलियन लौट गयी।

इस बीच सुधीर सिंह ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। उनके अलावा यशवर्द्धन ने 32 व अंकित सिंह ने 30 रन बनाकर टीम को संभाला। द क्रिएटर्स क्रिकेट क्लब से अमन सिंह ने 7 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। शिवांश त्रिपाठी व सतीश कुमार को 2-2 विकेट मिले।
जवाब में द क्रिएटर्स क्रिकेट क्लब ने 38 ओवर में 9 विकेट पर 166 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम अच्छी शुरुआत नहीं कर सकी और शीर्ष दो बल्लेबाज 14 रन के कुल स्कोर पर पवैलियन लौट गए। इसके बाद उतरे अमन सिंह ने 55 गेंदों पर 4 चौके से 40 रन का योगदान किया।
वहीं विकेटों के पतझड़ के बीच टीम की जीत में शिवांश त्रिपाठी ने 30, सुलभ एस.चौहान ने 22 , राज शुक्ला ने 17 व मो.कैफ ने 15 रन की पारी खेली। इंटरनेशनल स्पोर्ट्स क्लब से शिवा सिंह को दो विकेट मिले।
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार द क्रिएटर्स क्रिकेट क्लब के अमन सिंह को मिला। टूर्नामेंट में 2 अप्रैल को पहला सेमीफाइनल कल्पना क्रिकेट फाउंडेशन व सीएसडी सहारा क्रिकेट अकादमी बीकेटी के बीच खेला जाएगा।