आईपीएल : मयंक यादव का तूफान, लखनऊ सुपर जायंट्स की दूसरी जीत
आईपीएल के 15वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 28 रन से हराते हुए इस सीजन में दूसरी जीत दर्ज की है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जीत के लिए मिले 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 153 रन पर ही ढेर हो गई। यह आरसीबी की तीसरी हार है।

लखनऊ से क्विंटन डिकॉक ने अर्धशतक (81) लगाया। निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाते हुए टीम को 5 विकेट पर 181 रन तक पहुंचाया। जवाब में आरसीबी ने पॉवरप्ले के बाद तक 48 रन बनाए और विराट कोहली (22), फाफ डु प्लेसिस (9) और ग्लेन मैक्सवेल (0) के विकेट गंवाए।
मुश्किल घड़ी में रजत पाटीदार (29) और महिपाल लोमरोर ने संघर्ष किया, लखनऊ की की दमदार गेंदबाजी के चलते आरसीबी लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।

डिकॉक ने पारी का पहला ओवर करने आए रीस टॉपली के खिलाफ 3 चौके लगाए। उन्होंने तीसरा ओवर करने आए मोहम्मद सिराज की पिटाई की और उस ओवर में लगातार 2 छक्के लगाए। उनकी आक्रामक पारी से आरसीबी ने पॉवरप्ले में 54/1 का स्कोर बनाया। उन्होंने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 56 गेंदों पर 81 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 5 छक्के भी लगाए। डिकॉक आईपीएल में 3,000 रन का आंकड़ा छूने वाले छठे सबसे तेज बल्लेबाज (पारियों में) बने हैं। उन्होंने 99 पारियों में ये मुकाम हासिल किया है।
उनसे कम पारियों में क्रिस गेल (75), केएल राहुल (80), जोस बटलर (85), डेविड वार्नर (94) और डु प्लेसिस (95) ने ये मुकाम हासिल किया है। ये डिकॉक की आईपीएल में लगातार दूसरी 50+ की पारी है। उन्होंने पिछले मैच में पंजाब किंग्स के विरुद्ध 54 रन बनाए थे।
कोहली का यह चिन्नास्वामी स्टेडियम में 100वां टी-20 मैच रहा। वह किसी एक मैदान पर 100 टी-20 मैच खेलने वाले पहले भारतीय बने हैं। उन्होंने यहां पर 97 पारियों में 39.73 की औसत और 141.72 की स्ट्राइक रेट से 3,298 रन बनाए हैं। इस बीच वह 14 बार नाबाद भी रहे हैं। कोहली ने इस मैदान पर 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाए हैं। वह इस मैदान पर सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
मैक्सवेल 16वीं बार आईपीएल में शून्य पर आउट हुए हैं। वह लीग इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा बार बिना खाता खोले आउट होने वाले बल्लेबाज बने हैं। उनसे आगे दिनेश कार्तिक और रोहित शर्मा हैं, जो 17-17 बार शून्य पर आउट हुए हैं।
आरसीबी के खिलाफ मयंक यादव ने दम दिखाया। उन्होंने मैक्सवेल को खाता नहीं खोलने दिया। इसके बाद उन्होंने कैमरून ग्रीन को बोल्ड करते हुए अपनी दूसरी सफलता हासिल की। उन्होंने अपने आखिरी ओवर में पाटीदार का विकेट लिया।
इस तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में 14 रन देते हुए 3 विकेट हासिल किए। उन्होंने 156.7 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंद की, जो इस सीजन की सबसे तेज गेंद है।
आरसीबी ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 14.2 ओवर में 103 के स्कोर पर जब अपना छठा विकेट खोया था, तब महिपाल लोमरोर क्रीज पर आए। उन्होंने 13 गेंदों में 3 चौकों और इतने ही छक्कों से 33 रन की पारी खेली।