डब्ल्यूटीसी अंक तालिका : श्रीलंका चौथे स्थान पर, पाक को नुकसान
चैटोग्राम टेस्ट को श्रीलंका ने 192 रनों से जीता. जीत के साथ ही श्रीलंका सीरीज 2-0 से जीतने में सफल हो गई है. पहला टेस्ट श्रीलंका ने 328 रनों से जीता था, दूसरे टेस्ट में श्रीलंका 192 रनों से जीतने में सफल हो गई.
टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश का पूर्ण सफाया कर श्रीलंका ने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने की अपनी संभावना बढ़ा दी है.

सीरीज जीत के साथ ही श्रीलंका ने डब्ल्यूटीसी के अंक तालिका में पाकिस्तान को पछाड़ दिया है. श्रीलंका 50 प्रतिशत अंक हासिल कर नंबर 4 पर है. पाकिस्तान को नुकसान सहना पड़ा है. पाकिस्तान पांचवें नंबर पर है.
श्रीलंका को इस सर्किल में दो और घरेलू सीरीज खेलनी हैं, इस साल के अंत में श्रीलंकाई टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ, साल 2025 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी.
यदि घरेलू सीरीज को श्रीलंका जीतने में सफल रहती है तो फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को और भी मजबूत कर देगी. डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में इस समय नंबर वन पर भारत हैं जिसने इस सर्किल में 9 मैच खेले हैं जिसमें 6 में जीत और 2 में हार मिली है. एक टेस्ट ड्रा रहे हैं.

भारत के पास इस समय जीत प्रतिशत 68.51 है. ऑस्ट्रेलिया जो 62.50 जीत प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर हैं. नंबर 3 पर न्यूजीलैंड की टीम है. नंबर 4 पर श्रीलंका और नंबर 5 पर पाकिस्तान की टीम मौजूद हैं.