आईपीएल : केकेआर की जीत की हैट्रिक, दिल्ली कैपिटल्स की 106 रन से हार
आईपीएल के 16वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 106 रन से हराते हुए जीत की हैट्रिक लगाई है। इस मैच में जीत के लिए 273 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली 166 रन पर ढेर हो गई। दिल्ली की यह तीसरी हार है।
केकेआर को सुनील नरेन (85) और फिल सॉल्ट (18) की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। अंगकृष रघुवंशी (54) और आंद्रे रसेल (41) ने टीम को 7 विकेट पर 272 तक पहुंचाया। जवाब में दिल्ली ने 33 रन तक ही अपने शीर्षक्रम के 4 विकेट गंवा दिए।

मुश्किल घड़ी में ऋषभ पंत (55) और ट्रिस्टन स्टब्स (54) ने संघर्ष किया, जीत नहीं दिला सके। केकेआर से वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट लिए। नरेन ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने विपक्षी कप्तान पंत ने कई गेंदबाजों को आजमाया, वह निरंतर रन बटोरते चलते गए। जोरदार बल्लेबाजी कर रहे नरेन 39 गेंदों में 85 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और इतने ही छक्के लगाए। ये उनके टी-20 करियर का सर्वोच्च स्कोर बन गया है।

जब केकेआर को 60 रन पर साल्ट (18) के रूप में पहला झटका लगा था तब रघुवंशी क्रीज पर आए। उन्होंने 27 गेंदों में 54 रन बनाए। एक क्रिकेट साइट के अनुसार, रघुवंशी केकेआर के दूसरे सबसे कम उम्र के अर्धशतक बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
रघुवंशी, जिनकी उम्र 18 साल और 303 दिन है, केवल शुभमन गिल से पीछे हैं, जिन्होंने 18 साल और 237 दिन की उम्र में सीएसके के खिलाफ अर्धशतक बनाया था।
नरेन ने रघुवंशी के साथ मिलकर 48 गेंदों में 104 रन की साझेदारी निभाई। ये केकेआर की ओर से दिल्ली के विरुद्ध दूसरे विकेट की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। 2017 में केकेआर का प्रतिनिधित्व करते हुए गौतम गंभीर और रॉबिन उथप्पा की जोड़ी ने दिल्ली के विरुद्ध दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़े थे।
केकेआर ने आईपीएल में अपना सर्वोच्च स्कोर दर्ज किया। इसके साथ-साथ यह लीग इतिहास का दूसरा सर्वोच्च टीम स्कोर भी है। इससे पहले केकेआर का लीग में सर्वोच्च टीम स्कोर 245/6 रन का था, जो उसे साल 2018 में पंजाब किंग्स के खिलाफ बनाया था।
आईपीएल इतिहास के सर्वोच्च टीम स्कोर का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के नाम दर्ज है। उसने इसी सीजन में 27 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 277/3 रन बनाए थे।
रसेल ने 19 गेंदों में 41 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के रहे। इस बीच उन्होंने केकेआर की ओर से खेलते हुए लीग में 200 छक्के पूरे किए। वह अब किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए आईपीएल में 200 छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं।
विशेष रूप से नितीश राणा केकेआर फ्रेंचाइजी (106) के लिए 100 से अधिक छक्के लगाने वाले एकमात्र अन्य खिलाड़ी हैं। मुश्किल घड़ी में बल्लेबाजी के लिए आए पंत ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
यह आईपीएल में उनके बल्ले से निकलने वाली लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी रही। वह 25 गेंदों पर 55 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के रहे। इस बीच उन्होंने विपक्षी गेंदबाज वेंकटेश अय्यर के एक ओवर में 28 रन बटोरे। यह इस सीजन का अभी तक का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ।
स्टब्स ने अपने आईपीएल करियर का पहला और टी-20 करियर का 8वां अर्धशतक 28 गेंदों में पूरा किया। वह 32 गेंदों पर 54 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और इतने ही छक्के लगाए।