इस मामले में क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के खिलाफ मुंबई की कोर्ट ने दिया जांच का आदेश
क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के खिलाफ लगे छेड़छाड़ का मामला तूल पकड़ सकता है। मुंबई की एक कोर्ट ने पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सपना गिल ने शॉ पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। पुलिस को जांच में शॉ के खिलाफ कुछ नहीं मिला था। सपना गिल पुलिस की ओर से मामला दर्ज नहीं करने के बाद मजिस्ट्रेट कोर्ट गयी थीं।

मामला 2023 का है। सपना गिल ने आरोप लगाए थे कि अंधेरी के एक पब में शॉ ने उनके साथ छेड़छाड़ की है। शॉ ने आरोपों से इनकार किया था। फरवरी 2023 में सपना गिल समेत कई लोगों को शॉ पर हमला करने से जुड़े विवाद में गिरफ्तार किया था। खबरें हैं कि होटल में सेल्फी लेने को लेकर विवाद हुआ था। सपना गिल जमानत पर बाहर हैं।
मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट एससी तायडे ने पुलिस को 19 जून तक जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने सपना गिल की उस मांग को खारिज किया, जिसमें वह उनकी शिकायत के आधार पर क्रिकेटर शॉ समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने को लेकर पुलिस के खिलाफ कार्रवाई चाहती थीं।
जमानत मिलने के बाद सपना गिल ने अंधेरी में एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन का रुख किया। यहां वह शॉ, उनके दोस्त आशीष यादव और अन्य लोगों को पर कथित तौर पर छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराने पहुंची थीं।
पुलिस की तरफ से खिलाड़ी के खिलाफ जब केस दर्ज नहीं किया गया, तब उन्होंने मजिस्ट्रेट कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। पुलिस पहले भी कोर्ट को बता चुकी है कि पब के सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला है कि सपना गिल और उनके दोस्त शोभित ठाकुर ने पी रखी थी और डांस कर रहे थे।
ठाकुर फोन में शॉ की रिकॉर्डिंग करना चाहता था, क्रिकेटर ने उन्हें वीडियो बनाने से रोक दिया। पुलिस का बोलना था कि फुटेज देखकर ऐसा नहीं लगता है कि शॉ और अन्य लोगों ने गिल के साथ छेड़छाड़ की थी।
पुलिस ने बताया था कि पब में मौजूद गवाहों के बयान भी लिए गए थे। वे बताते हैं कि किसी ने भी अनुचित तरीके से गिल को टच नहीं किया था। पुलिस ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी, जिसमें नजर आ रहा था कि सपना गिल हाथ में बेसबॉल बैट लेकर शॉ की कार का पीछा कर रही थीं।
कोर्ट को बताया गया था कि उन्हें शॉ की कार का शीशा तोड़ दिया था। पुलिस की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सीआईएसएफ के अधिकारी ने बयान दिया था कि सपना गिल जैसा दावा कर रही हैं, वैसा कुछ नहीं हुआ था।
सीआईएसएफ अधिकारी के मुताबिक, उन्हें झगड़े की जानकारी लगी थी और मौके पर पहुंचने के बाद देखा कि कार की विंडशील्ड टूटी हुई है।