थॉमस कप में खेलेगी भारत की मजबूत टीम, उबर कप से सिंधु ने नाम लिया वापस
पीवी सिंधु और शीर्ष दो युगल टीमों ने उबर कप से नाम वापस लिया है, पुरूष वर्ग में मजबूत टीम 27 अप्रैल से चेंगडू में खेले जाने वाले थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट में खेलेगी।

फरवरी में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप से वापसी के बाद से सिंधु ने छह टूर्नामेंट खेले हैं। उन्होंने पेरिस ओलंपिक से पहले रिकवरी के लिये पर्याप्त समय की जरूरत को देखते हुए नाम वापस लिया है।
त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद और अश्विनी पोनप्पा तथा तनीषा क्रास्टो ने भी नाम वापस लिया है। उनका फोकस ओलंपिक क्वालीफिकेशन के लिये दूसरे टूर्नामेंटों पर है।
बीएआई सचिव संजय मिश्रा ने कहा , सिंधु चोट के बाद वापसी कर रही है और पेरिस ओलंपिक की तैयारी के लिये उसे समय चाहिये। युगल टीमों ने नाम वापस लिया है क्योंकि उन्होंने पिछले कुछ समय में काफी टूर्नामेंट खेले हैं और अब फोकस क्वालीफिकेशन पर है।
थॉमस कप में भारत इस बार मजबूत टीम के साथ उतारेगी। इसमें पांच एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत, एच एस प्रणय, प्रियांशु राजावत और किरण जॉर्ज हैं। सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी तथा एम आर अर्जुन और ध्रुव कपिला खेलेंगे।
थॉमस कप (एकल) : लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत, एच एस प्रणय, प्रियांशु राजावत और किरण जॉर्ज
युगल : सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी तथा एम आर अर्जुन और ध्रुव कपिला और साइ प्रतीक
उबर कप (एकल) : अनमोल खरब , तन्वी शर्मा, अष्मिता चालिहा, ईशारानी बरूआ
युगल : श्रुति मिश्रा, प्रिया कोंजेंगबम, सिमरन सिंघी और रितिका ठाकेर