आईपीएल : शशांक सिंह का नाबाद अर्धशतक, पंजाब किंग्स की दूसरी जीत
आईपीएल के 17वें मैच में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराते हुए दूसरी जीत दर्ज की है। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 199 रन बनाया। जवाब में पंजाब ने शशांक सिंह (नाबाद 61) के अर्धशतक से 19.5 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
गुजरात से कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 89 रन की पारी खेली। साई सुदर्शन ने 19 गेंदों पर 33 रन और राहुल तेवतिया ने 8 गेंदों पर नाबाद 23 रन बनाते हुए टीम को 199/4 के स्कोर तक पहुंचाया।

जवाब में पंजाब से शिखर धवन 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। प्रभसिमरन सिंह (35) और शशांक ने संघर्ष किया। अंत में आशुतोष शर्मा (31) ने उपयोगी योगदान देकर जीत दिलाई।
गिल ने दूसरी ही गेंद पर छक्का लगाते हुए खाता खोला। गुजरात ने रिद्धिमान साहा (11) और विलियमसन (26) के विकेट नियमित अंतराल पर गंवा दिए।
कप्तान गिल ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने साई सुदर्शन के साथ 53 रन की साझेदारी की। वह 48 गेंदों पर 89 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। गिल गुजरात से 1,500 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं।
उन्होंने इस टीम से 37 मैचों में 46 की औसत के साथ 1,500 से अधिक रन बनाए हैं। गुजरात से किसी अन्य बल्लेबाज ने अभी तक 1,000 रन का आंकड़ा पार नहीं किया है। गुजरात से दूसरे सर्वाधिक रन हार्दिक पांड्या (833) ने बनाए हैं, जो इस सीजन में मुंबई इंडियंस से खेल रहे हैं।
आईपीएल में गिल सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सीजन में अभी तक कोई शतक नहीं लगा है। सुनील नरेन (85), रियान पराग (84) और विराट कोहली (83) इस सूची में अन्य बल्लेबाज हैं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने जब 70 के स्कोर पर होना चौथा विकेट खोया था, तब शशांक क्रीज पर आए। उन्होंने संकट में नजर आ रही पंजाब संभालने का प्रयास किया और 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक लगाया।
इस बीच उन्होंने सिकंदर रजा के साथ 41 रन और जितेश शर्मा के साथ 39 रन की साझेदारी की। इम्पैक्ट सब्स के तौर पर बल्लेबाजी करने आए आशुतोष शर्मा ने 17 गेंदों पर 31 रन की पारी खेलकर प्रभावित किया। उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का लगाया। वह आखिरी ओवर में आउट हुए।
रबाडा ने साहा को अपना शिकार बनाया। यह आईपीएल में चौथा मौका था, जब रबाडा ने साहा को पवेलियन की राह दिखाई। आउट होने से पहले साहा 13 गेंदों में 2 चौकों से 11 रन बनाने में कामयाब रहे।
आईपीएल में रबाडा ने साहा को 5 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 4 बार आउट किया है। इन पारियों में साहा ने 33 गेंदों का सामना करते हुए 154.54 की स्ट्राइक रेट से 51 रन बनाए हैं।