चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ जीत पर सनराइजर्स हैदराबाद की निगाह
आईपीएल का 18वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा। मुकाबला हैदराबाद के होम ग्राउंड राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।
दोनों टीमों का इस सीजन यह चौथा मैच होगा। हैदराबाद को दो मैचों में हार मिली, एक में जीत मिली। चेन्नई ने दो मुकाबले जीते, पिछले मैच में उसे दिल्ली से हार मिली।

चेन्नई सुपरकिंग्स के मुस्तफिजुर रहमान का आज के मैच में खेलना तय नहीं है। रहमान अपने अमेरिका के वीजा संबंधित काम के लिए देश लौटे हैं। रहमान कुल 7 विकेट के साथ पर्पल कैप होल्डर हैं।
हेड टु हेड में चेन्नई आगे है। हैदराबाद और चेन्नई के बीच आईपीएल में 19 मुकाबले खेले गए। 5 में हैदराबाद और 14 में चेन्नई में जीत मिली। चेन्नई ने हैदराबाद के खिलाफ 74% मैच जीते हैं।
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में दोनों टीमों का रिकॉर्ड बराबर है। हैदराबाद और सीएसके के बीच अब तक 4 मैच खेले गए। हैदराबाद ने 2 और इतने ही मुकाबले चेन्नई ने जीते हैं। सीजन में हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसे पहले ही मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने रोमांचक मुकाबले में चार रन से हरा दिया।
दूसरे मैच में टीम ने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराकर इस सीजन जीत का खाता खोला। तीसरे मैच में उसे गुजरात टाइटंस के खिलाफ सात विकेट से हार झेलनी पड़ी।
टीम के लिए हेनरिक क्लासन ने तीन मैचों में 167 रन बनाए। इस सीजन लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली लिस्ट में वे तीसरे नंबर पर हैं। कप्तान पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा विकेट झटके हैं। चेन्नई ने इस सीजन शानदार शुरुआत किया। टीम ने अपने मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हराया।
2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस को 63 रन से हराकर इस सीजन की दूसरी जीत दर्ज की। टीम को अपने तीसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
ऑलराउंडर शिवम दुबे सी सीजन टीम के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने तीन मैच में एक अर्धशतक की मदद से 103 रन बनाए। मुस्तफिजुर रहमान टॉप विकेट टेकर हैं।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम अपने फ्लैट विकेट के लिए जाना जाता है। यहां की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। यहां गेंदबाजों को मदद मिलती है। इस मैदान पर हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते है।
इस स्टेडियम में 72 आईपीएल मैच खेले गए है, जिनमे से 32 मैच पहली पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने और 40 मैच चीज करने वाली टीम ने जीते है। हैदराबाद में 4 अप्रैल का मौसम काफी गर्म रहेगा। मैच वाले दिन यहां का टेम्परेचर 41 से 28 डिग्री रहने की उम्मीद है। इस दिन बारिश की बिल्कुल भी संभावना नहीं है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), ट्रैविस हेड, मयंक अग्रवाल, अभिषेक शर्मा, ऐडन मार्करम, हेनरिक क्लासन, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, जयदेव उनादकट, भुवनेश्वर कुमार और मयंक मारकंडे
इम्पैक्ट प्लेयर : उमरान मलिक
चेन्नई सुपर किंग्स : ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), रचिन रवींद्र, अजिंक्य रहाणे, डेरिल मिचेल, रविंद्र जड़ेजा, समीर रिजवी, एमएस धोनी (विकेटकीपर), दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मथीशा पथिराना और महीश तीक्षणा
इम्पैक्ट प्लेयर : शिवम दुबे