Trending

आईपीएल : दूसरी जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद तालिका में पांचवें स्थान पर

आईपीएल के 18वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 6 विकेट से हराकर दूसरी जीत दर्ज की है। सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 165 रन बनाया था। जवाब में हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा (37) और एडेन मार्करम (50) की शानदार पारियों से लक्ष्य हासिल कर लिया।

हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। सीएसके के लिए शिवम दुबे (45) को छोड़कर और कोई बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाया। उन्होंने 24 गेंद का सामना किया और 2 चौके के साथ 4 छक्के भी लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 187.50 की रही। हैदराबाद के लिए सभी गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया।

Credits : Espncricinfo

जवाब में हैदराबाद को लक्ष्य हासिल करने में दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने 4 विकेट खोकर ही जीत हासिल कर ली। मैच में पैट कमिंस ने शिवम का विकेट लेते ही आईपीएल में 50 विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने अपने टी-20 करियर में भी 150 विकेट पूरे किए।

कमिंस आईपीएल में 50 विकेट लेने वाले 70वें गेंदबाज हैं। आईपीएल में उन्होंने कुल 46 मैच खेले हैं, जिसमें 29.36 की औसत और 8.49 की इकॉनमी रेट से 50 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/34 का रहा है। टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 134 मैच में 150 विकेट झटके हैं।

Credits : Espncricinfo

भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 28 रन खर्च किए और 1 विकेट झटका। टी नजराजन ने 4 ओवर में 39 रन दिए और उनके नाम भी 1 विकेट आया। कमिंस की शानदार फॉर्म इस मैच में भी जारी रही। उन्होंने 4 ओवर में 29 रन खर्च किए और 1 विकेट लिया।

शाहबाज अहमद ने 1 ओवर में 11 रन देकर 1 विकेट और जयदेव उनादकट ने 4 ओवर में 29 रन देकर 1 विकेट लिया। हैदराबाद के लिए मार्करम ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 36 गेंद का सामना किया और 50 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 138.89 की रही। उनकी शानदार पारी के ही कारण हैदराबाद को जीत मिली।

आईपीएल में हैदराबाद के पूर्व कप्तान का यह 5वां और इस सीजन पहला अर्धशतक है। इससे पहले आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 42 रन था। उन्होंने यह पारी मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेली थी।

हैदराबाद ने इस सीजन में अपने 4 में से दूसरा मैच जीता है और अंक तालिका में 5वें स्थान पर है। लगातार दूसरी शिकस्त झेलने वाली सीएसके तीसरे स्थान पर है। आईपीएल में सीएसके ने 4 में से 2 मैच जीते हुए हैं। इस समय कोलकाता नाइट राइडर्स तालिका में शीर्ष पर है, राजस्थान रॉयल्स दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमों ने 3-3 मैच जीते हैं।