Trending

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय पुरुष हॉकी टीम की हार

भारतीय पुरुष हॉकी टीम से उम्मीद थी कि वह ऑस्ट्रेलिया को कड़ी चुनौती देगी, शनिवार को पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में ऐसा कुछ नहीं देखने को मिला और मेहमान टीम को 1-5 से हार मिली।

ऑस्ट्रेलिया ने खेल शुरू होने से लेकर आखिर तक दबदबा बनाए रखा। भारत ने अंतिम क्वार्टर में कुछ अच्छा प्रदर्शन किया, तब तक देर हो चुकी थी। ऑस्ट्रेलिया से टॉम विकम (20वें, 38वें मिनट) ने दो गोल, टिम ब्रांड (तीसरे), जोएल रिंटाला (37वें) और फ्लिन ओगिलवी (57वें) ने एक-एक गोल किया। भारत के लिए एकमात्र गोल गुरजंत सिंह ने 47वें मिनट में किया।

@hockeyindia

ऑस्ट्रेलिया ने खेल शुरू होते ही इरादे जाहिर कर दिए थे और तीसरे मिनट में ही पहला गोल कर दिया। ब्रांड को लंबा पास मिला और उन्होंने भारत के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को छकाकर गोल दाग दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय रक्षा पंक्ति को दबाव में रखा। उसने आठवें मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन इस बार श्रीजेश ने अच्छा बचाव किया। ऑस्ट्रेलिया को इसके एक मिनट बाद दूसरा पेनल्टी कार्नर मिला, इस बार भी श्रीजेश ने रिंटाला के शॉट को रोक दिया।

भारतीय रक्षापंक्ति की गलती के कारण ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे क्वार्टर के पांचवें मिनट में अपनी बढ़त 2-0 कर दी और मध्यांतर तक इसे बरकरार रखा। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे हाफ में अपना आक्रामक रवैया जारी रखा। तीसरे क्वार्टर के सातवें मिनट में रिंटाला ने काइ विलोट के रिवर्स हिट को डिफलेक्ट करके गोल किया।

विकम ने दाएं कॉर्नर से करारा शॉट लगाकर अपना दूसरा और ऑस्ट्रेलिया की तरफ से चौथा गोल किया। चार गोल से पिछड़ने के बाद भारतीयों ने कुछ तत्परता दिखाई, वह मौके बनाने में नाकाम रहे। तीसरे क्वार्टर में भारत दो बार गोल करने की स्थिति में पहुंचा था, ऑस्ट्रेलिया के गोलकीपर एंड्रयू चार्टर ने आसानी से उसके प्रयासों को विफल कर दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने चौथे क्वार्टर के शुरू में पेनल्टी कार्नर हासिल किया, वह इसका फायदा नहीं उठा पाया। भारत में इसके तुरंत बाद जवाबी हमला किया और मोहम्मद रहील के पास पर गुरजंत गोल करने में सफल रहे।

भारत ने इसके बाद कुछ अच्छे मूव बनाए, वह ऑस्ट्रेलिया की रक्षा पंक्ति में सेंध नहीं लगा सके। भारत ने इसके बाद लगातार दो पेनल्टी कार्नर हासिल किये, कप्तान हरमनप्रीत सिंह इन पर गोल नहीं कर पाए।

ऑस्ट्रेलिया ने खेल समाप्त होने से तीन मिनट पहले पेनल्टी कार्नर हासिल किया जिसे ओगिलवी नेगोल में बदला। इन दोनों टीम के बीच रविवार को दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया पेरिस ओलंपिक की तैयारी के सिलसिले में यह श्रृंखला खेल रहे हैं।