आईपीएल : दोबारा हुआ ऐसा, मैदान में एंट्री, विराट के करीब पहुंचा फैन
राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल के 19वें मुकाबले में टक्कर हुई. इसमें आरसीबी को 6 विकेट से हार मिली. इस जीत से अंक तालिका में राजस्थान रॉयल्स टॉप पर है.
आरसीबी फील्डिंग कर रही थी. इसी दौरान दर्शक दीर्घा से विराट का एक जबरा फैन सिक्योरिटी को चकमा देते हुए बीच मैदान पर उनसे मिलने पहुंच गया.

फैन ने आरसीबी की टी शर्ट पहनी थी. टी शर्ट के पीछे विराट का नाम और उनका जर्सी नंबर लिखा हुआ था. फैन को कोहली से गले मिलते देखा गया. जैसे ही इसकी खबर सिक्योरिटी को मिली, वे तुरंत मैदान में पहुंचे और फैन को बाहर निकाला.
बता दें कि खिलाड़ियों की सुरक्षा में चूक का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं. आईपीएल के इसी सीजन में यह तीसरी बार हुआ है.
1 अप्रैल को राजस्थान और मुंबई के बीच हुए मैच में कुछ ऐसा ही देखने को मिला था. तब मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एक दर्शक घुसकर रोहित और ईशान से मिलने पहुंच गया. इस दौरान दोनों फील्डिंग कर रहे थे.
25 मार्च को बेंगलुरु में हुए मैच में कुछ ऐसा ही नजारा दिखा था. उस दौरान विराट से ही मिलने एक फैन अचानक उनके पास पहुंच गया था. तब कोहली बल्लेबाजी कर रहे थे. सुरक्षा में सेंध मारने वाला वह शख्स सीधे कोहली के पास पहुंच उनके पैरों में गिर गया था. बाद में सुरक्षा कर्मियों ने उस शख्स को बाहर निकाल दिया था.