हॉकी : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की लगातार दूसरी हार
भारतीय पुरुष हॉकी टीम पिछले मैच की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया, फिर हार गई। ऑस्ट्रेलिया ने पाच मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में रविवार को यहां उसे 4-2 से हराया। भारत को शनिवार को पहले मैच में 1-5 से हार मिली थी। पेरिस ओलंपिक की तैयारियों के लिए आयोजित इस सीरीज का तीसरा मैच 10 अप्रैल को खेल जाएगा।
मेहमान टीम ने मैच के पहले और दूसरे क्वार्टर में मजबूत प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ बराबरी का खेल दिखाया। पहले हाफ तक तो भारतीय टीम 2-1 से आगे थी। तीसरे क्वार्टर में खराब डिफेंस का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा, मेजबान टीम ने तीन गोल कर दूसरी जीत हासिल की।

ऑस्ट्रेलिया के लिए जेरेमी हेवर्ड (छठे और 34वें मिनट) ने दो पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया जैकब एंडरसन (42वें मिनट) और नाथन एफ्राम्स (45वें मिनट) ने मैदानी गोल दागे।
भारत के लिए जुगराज सिंह (नौवें मिनट) और कप्तान हरमनप्रीत सिंह (30वें मिनट) ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किए। पहले हाफ से महज 41 सेकंड पहले भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और कप्तान हरमनप्रीत ने करियर का 180वां गोल करने में कोई गलती नहीं की जिससे टीम 2-1 से बढ़त बनाने में सफल रही।
एक गोल से पिछड़ने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम तिलमिला गई और भारत पर दबदबा बनाते हुए तीन गोल दाग दिए। उसके बाद भारतीय टीम कोई गोल नहीं कर सकी।